1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर Flydubai में हमले के पीछे किसका हाथ? डोनाल्ड ट्रंप ने लिया इस देश का नाम

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर Flydubai में हमले के पीछे किसका हाथ? डोनाल्ड ट्रंप ने लिया इस देश का नाम

Flydubai विमान को हाईजैक कर 9/11 जैसे हमले को अंजाम देने की खतरनाक साजिश के पीछे किसका हाथ है? यह एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब हर कोई जानना चाहता है। इसी क्रम में जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यह सवाल किया गया तो उन्होंने क्या कहा, आइये जानते हैं।

Donald trump, flydubai- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप, फ्लाईदुबई का विमान

Flydubai की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में जो कुछ भी हुआ उसके लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत तौर पर उनका ऐसा मानना है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। सोमवार को व्हाइट हाउस में मीडिया की ओर से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ है? इस पर उन्होंने कहा, 'हां, मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानता हूं।' ऐसा नहीं है कि ट्रंप ने पहली बार इस घटना के पीछे ईरान का हाथ बताया है। वे पहले भी ऐसा कह चुके हैं। लेकिन इस बार उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उनका व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि Flydubai कांड में ईरान का हाथ है।

भारतीय पायलट पर हमला कर विमान हाईजैक की प्लानिंग

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 को हाईजैक करने की कोशिश हुई थी। हाईजैकर कोई बाहरी नहीं बल्कि Flydubai का को-पायलट ही था। ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने बेहद खौफनाक इरादों के साथ इस विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी। उसने विमान के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर पीछे से हमला किया। हमले के लिए उसने विमान में सेफ्टी के लिए रखे गए छोटे हथौड़े से सिर पर प्रहार कर किया कैप्टन स्मित मच्छार को लहूलुहान कर दिया।

स्मित मच्छार के साहस से हाईजैक की प्लानिंग फेल 

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने साहस दिखाया और विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे पैसेंजर्स और ऑफ ड्यूटी क्रू ने हमलावर को-पायलट हमाम अल-हमामी को काबू में कर लिया। इस दौरान विमान करीब 16 हजार फीट नीचे आ गया। विमान में सफर कर रहे ऑफ ड्यूटी पायलट ने विमान को कंट्रोल किया और उसे नजदीकी एयरपोर्ट सऊदी अरब के तबूक में लैंड कराया। तबूक एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। विमान में सवार सभी 174 यात्री सुरक्षित बाहर निकले।

इजरायल पहुंचकर विमान को क्रैश कराने की थी योजना

रिपोर्टों के मुताबिक अल-हमामी ने पूछताछ में अपने खौफनाक इरादों के बारे में बताया। उसने बताया कि उसका इरादा विमान को नॉर्मल तरीके से उड़ाते रहने के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को निष्क्रिय करने का था ताकि विमान पर उसका पूरा कंट्रोल हो जाए। इस तरह से वह इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर लैंडिंग की इजाजत लेने के बाद वहां खड़े विमान या किसी इमारत से Flydubai के विमान को टकराना चाहता था।

बता दें कि इससे पहले इटली के अखबार Corriere della Sera की रिपोर्ट ने जांच कर रहे सूत्रों के हवाले से बताया था कि ओमानी को-पायलट हमान अल-हमानी ने विमान के पायलट स्मित मच्छर को मारकर फ्लाइट पर कंट्रोल करने के बाद उसे तेल अवीव की किसी गगन चुंबी इमारत से टकराने की योजना बनाई थी। प्लान फेल होने के बाद को-पायलट हमान अल-हमामी ने विमान को रेगिस्तान में क्रैश कराने की कोशिश की। लेकिन कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत और यात्रियों के साहस के आगे उसकी योजना फेल हो गई। जांचकर्ताओं को संदेह है कि को-पायलट ने दोनों इंजनों की ईंधन आपूर्ति करने वाली स्विच को ऑफ कर दिया था।

ये भी पढ़ें:
को-पायलट नमाज़ के लिए उठा, पीछे से हमला किया... पायलट स्मित ने डिटेल में बताया, कॉकपिट के अंदर क्या-क्या हुआ

 

Latest World News