1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 2028 में ट्रंप का उत्तराधिकारी कौन? जेडी वेंस को समर्थन देने पर नहीं खोले पत्ते, सस्पेंस बरकरार

2028 में ट्रंप का उत्तराधिकारी कौन? जेडी वेंस को समर्थन देने पर नहीं खोले पत्ते, सस्पेंस बरकरार

अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप का उत्तराधिकारी कौन होगा, इस पर ट्रंप ने सस्पेंस बना दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जबकि एक साल पहले उन्होंने कहा कि जेडी वेंस में उन्हें अपने उत्तराधिकारी की संभावनाएं नजर आती हैं।

Donald Trump, JD vance- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप और जेडी वेंस

Highlights

  • अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी-ट्रंप
  • जेडी वेंस को प्रतिभाशाली और अच्छा इंसान बताया
  • मध्यावधि चुनाव के बाद देखेंगे-ट्रंप

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ष 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उत्तराधिकारी के नाम पर सस्पेंस कायम कर दिया है। इससे पहले वे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस में अपने उत्तराधिकारी की झलक देखते थे और उन्हें अपना सबसे पसंदीदा बताते भी थे। ट्रंप से रिपोर्टर्स ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में जेडी वेंस को उम्मीदवार बनाने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने समर्थन देने पर खुलकर कुछ नहीं कहा। ट्रंप ने सिर्फ इतना कहा-इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जबकि इससे पहले पिछले साल उन्होंने कहा था- मुझे लगता है कि इसकी पूरी संभावना है कि वेंस मेरे उत्तराधिकारी हो सकते हैं। वहीं, फ्रांस की दक्षिणपंथी नेता मरीने ले पेन को समर्थन देने के सवाल पर भी उन्होंने अपने विकल्प खुले रखे।

अभी बात करना जल्दबाजी होगी

ट्रंप ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उपराष्ट्रपित जेडी वेंस को अपना उत्तराधिकारी बनाने के सवाल पर फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं देकर यह जाहिर कर दिया है कि उनके मन में कुछ और विचार चल रहा है। हालांकि ट्रंप ने जेडी वेंस की तारीफ करते हुए उन्हें प्रतिभाशाली और अच्छा इंसान बताया लेकिन कहा कि अभी इस बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। 

ट्रंप ने वेंस की तारीफ की

व्हाइट हाउस में जब ट्रंप से यह सवाल किया गया कि क्या वह 2028 में राष्ट्रपति चुनाव में वेंस की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे। इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने और वेंस ने इस पर कभी चर्चा नहीं की है। ट्रंप ने केवल इतना कहा-'वह बहुत प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं और बहुत अच्छे इंसान भी हैं। लेकिन अभी बहुत जल्दी है। हमें पहले मध्यावधि चुनाव से गुजरना है। उसके बाद देखेंगे कि क्या होता है।' बता दें कि इससे पहले एक इंटरव्यू में जेडी वेंस ने कहा था कि उन्होंने अभी राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का फैसला नहीं किया है। हालांकि अगर वह चुनाव लड़ते हैं तो उम्मीद है कि ट्रंप उनका समर्थन करेंगे।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल संकेत दिया था कि उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस उनके मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) आंदोलन के “सबसे संभावित” उत्तराधिकारी हो सकते हैं। हालांकि ट्रम्प ने यह भी रहा था कि उत्तराधिकारियों के बारे में बात करना “बहुत जल्दी” है, लेकिन वेंस निश्चित रूप से “बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और इस समय वे शायद सबसे पसंदीदा हैं। 

फ्रांस को लेकर क्या कहा?

वहीं फ्रांस से जुड़े सवाल पर ट्रंप का कहना था इमिग्रेशन पॉलिसी के चलते वहां हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। अगर इसी तरह से हालात बिगड़ते रहे तो यूरोप का अस्तित्व नहीं बचेगा। साथ ही उन्होंने फ्रांस की दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को समर्थन देने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। ट्रंप से जब यह पूछा गया कि क्या वह अगले साल होनेवाले फ्रांस राष्ट्रपति चुनाव में ले पेन का समर्थन करेंगे? इस पर ट्रंप ने कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर उन्हें नहीं जानते हैं और कभी मिले भी नहीं। हालांकि उन्होंने ले पेने को फ्रांस में कंजर्वेटिव विचारों की आवाज भी बताया।

ये भी पढ़ें:

'जल्द मुस्लिम शहर बन जाएगा पेरिस, मैंने पहले ही चेताया था', फ्रांस में हिंसा पर ट्रंप ने मैक्रों को घेरा

 

Latest World News