A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क शहर के मेयर, कुरान पर हाथ रखकर बंद पड़े सबवे स्टेशन पर ली शपथ

जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क शहर के मेयर, कुरान पर हाथ रखकर बंद पड़े सबवे स्टेशन पर ली शपथ

जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बन गए हैं। ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर मैनहैटन के एक ऐतिहासिक सबवे स्टेशन पर पद की शपथ ली है। इस दौरान ममदानी ने लोगों को धन्यवाद भी कहा।

New York City Mayor Zohran Mamdani- India TV Hindi
Image Source : AP New York City Mayor Zohran Mamdani

न्यूयॉर्क: जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क शहर के मेयर बन गए है। ममदानी ने मैनहैटन में एक ऐतिहासिक, बंद पड़े सबवे स्टेशन पर पद की शपथ ली। डेमोक्रेट ममदानी ने अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले मुस्लिम नेता के तौर पर शपथ ली। शपथ लेते समय उन्होंने कुरान पर हाथ रखा था। इस दौरान ममदानी ने एक छोटे से भाषण में कहा, "यह सच में जिंदगी भर का सम्मान और सौभाग्य है।" यह निजी समारोह न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स, जो उनकी राजनीतिक सहयोगी हैं, ने करवाया। यह समारोह पुराने सिटी हॉल स्टेशन पर हुआ, जो शहर के शुरुआती सबवे स्टॉप में से एक है और अपनी शानदार मेहराबदार छतों के लिए जाना जाता है।

ममदानी ने क्या कहा?

मेयर के तौर पर अपने पहले भाषण में ममदानी ने कहा कि पुराना सबवे स्टेशन हमारे शहर की जान है। इस दौरान उन्होंने अपने नए डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन कमिश्नर, माइक फ्लिन की नियुक्ति का ऐलान भी किया। नए मेयर ने फिर कहा, "आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद, अब मैं आपसे बाद में मिलूंगा।" उन्होंने सीढ़ियों से ऊपर जाते समय मुस्कुराते हुए यह बात कही।

ममदानी के बारे में जानें

ममदानी अब अमेरिकी राजनीति की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक शुरू करने वाले हैं, क्योंकि वह देश के उन नेताओं में शुमार हो गए हैं जिन पर सभी की नजरें टिकी रहती हैं। न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम मेयर होने के अलावा अफ्रीका में जन्मे ममदानी दक्षिण एशियाई मूल के पहले मेयर भी हैं। 34 वर्ष की उम्र में मेयर बनने वाले ममदानी शहर के सबसे युवा मेयर भी हैं। ममदानी का जन्म युगांडा के कैंपाला में हुआ था। ममदानी सात साल के थे जब उनका परिवार न्यूयॉर्क सिटी आ गया था। उन्होंने 2018 में अमेरिकी नागरिकता प्राप्त की थी।

ममदानी के सामने हैं बड़ी चुनौतियां

जोहरान ममदानी ने दुनिया के सबसे महंगे शहरों में से एक में रहने की लागत को कम करने के मकसद से नीतियों के साथ बड़े बदलाव लाने का वादा किया है। उनके एजेंडे में मुफ्त चाइल्ड केयर, मुफ्त बसें, लगभग 10 लाख घरों के लिए किराए पर रोक और शहर द्वारा चलाए जाने वाले किराना स्टोर का एक पायलट प्रोजेक्ट शामिल है। ममदानी के सामने कचरा, बर्फ और चूहे, साथ ही सबवे में देरी और गड्ढों की समस्या भी दूर करनी होगी।

ट्रंप ने दी है धमकी

ममदानी और उनकी पत्नी रमा दुवाजी अब अपने एक बेडरूम वाले किराए के अपार्टमेंट को छोड़कर मैनहट्टन में शानदार मेयर आवास में रहेंगे। ममदानी को एक ऐसा शहर विरासत में मिला है जो COVID-19 महामारी से सालों की धीमी रिकवरी के बाद तरक्की कर रहा है। शहर में ऊंची कीमतों और बढ़ते किराए को लेकर गहरी चिंताएं बनी हुई हैं। उन्हें रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी निपटना होगा। मेयर चुनाव के दौरान, ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ममदानी जीतते हैं तो वह शहर को मिलने वाली फेडरल फंडिंग रोक देंगे। हालांकि, बाद में ट्रंप के तेवर नरम दिखे थे।

यह भी पढ़ें:

स्विट्जरलैंड में नए साल की पार्टी के दौरान बार में हुआ धमाका, कई लोगों की मौत

अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने निकाली रूस के दावों की हवा, कहा- 'यूक्रेन ने नहीं किया पुतिन के आवास पर हमला'

Latest World News