A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जेल से बाहर आए अनंत सिंह, समर्थकों ने किया ग्रैंड वेलकम; कल मोकामा में करेंगे रोड शो

जेल से बाहर आए अनंत सिंह, समर्थकों ने किया ग्रैंड वेलकम; कल मोकामा में करेंगे रोड शो

जेडीयू के विधायक अनंत सिंह जेल से रिहा हो गए हैं। दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से बेल मिली थी। आज कानूनी प्रकिया पूरी होने के बाद वह बेउर जेल से बाहर आ गए हैं।

anant singh- India TV Hindi
Image Source : PTI अनंत सिंह

मोकामा से जेडीयू के विधायक अनंत सिंह जेल से रिहा हो गए हैं। दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से बेल मिली है। आज कानूनी प्रकिया पूरी होने के बाद वह बेउर जेल से निकल गए हैं और थोड़ी देर में अपने आवास पहुंचेंगे। इसके बाद कल लखीसराय के बड़हिया में महारानी मंदिर होते हुए वह अपने क्षेत्र मोकामा जाएंगे। मोकामा में अनंत सिंह करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। उनका काफिला बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक जाएगा, जहां रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समर्थक उनका स्वागत करेंगे।

फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

अनंत सिंह को लेने जेल के बाहर भारी संख्या में उनके समर्थक जुटे थे। बेऊर जेल से बाहर आते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। अनंत सिंह जैसे ही बेउर जेल के गेट के बाहर आए, कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

बता दें कि पटना हाईकोर्ट ने उन्हें गुरुवार (19 मार्च) को ही उन्हें जमानत दे दी, लेकिन वह चार दिन बाद आज (23 मार्च) को जेल से बाहर आ पाए। गुरुवार को अनंत सिंह का बेलबॉन्ड नहीं भरा जा सका। इस वजह से वह जमानत मिलने के बावजूद जेल से बाहर नहीं आ पाए थे। 

1 नवंबर को गिरफ्तार हुए थे अनंत सिंह

अनंत सिंह को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। उन्होंने मोकामा विधानसभा सीट से जेल में रहते हुए चुनाव जीता था और राष्ट्रीय जनता दल की वीणा सिंह को 28,000 से अधिक मतों से हराया था। न्यायमूर्ति रुद्र प्रकाश मिश्रा की पीठ ने 15,000 रुपये के मुचलके पर सिंह को जमानत प्रदान की। अदालत ने आदेश में कहा, "याचिकाकर्ता मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगा और न ही किसी गवाह को प्रभावित या धमकाएगा।"

मोकामा में 1990 से अनंत सिंह के परिवार का कब्जा

दुलारचंद यादव चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे। यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हृदय और फेफड़ों में भारी वस्तु से लगी चोट के कारण पहुंचे आघात से कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण उनकी मौत हुई। मोकामा विधानसभा सीट पर 1990 से सिंह के परिवार का कब्जा रहा है फिर चाहे सरकारी किसी भी पार्टी की रही हो। अनंत सिंह ने वर्ष 2022 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम से जुड़े एक मामले में दोषसिद्धि के कारण विधानसभा की सदस्यता समाप्त होने पर यह सीट छोड़ दी थी। सीट पर हुए उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की थी। उच्च न्यायालय ने हालांकि बाद में उन्हें उस मामले में बरी कर दिया था।

यह भी पढ़ें-

प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर दिया बड़ा बयान, निशाना भी साधा