A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नई नौकरियां, 8053 पंचायत में विवाह मंडप... चुनाव से पहले CM नीतीश ने बढ़ा दी महागठबंधन की टेंशन, 26 एजेंडों पर लगाई मुहर

नई नौकरियां, 8053 पंचायत में विवाह मंडप... चुनाव से पहले CM नीतीश ने बढ़ा दी महागठबंधन की टेंशन, 26 एजेंडों पर लगाई मुहर

जिन नीतीश कुमार के बारे में तेजस्वी यादव बार-बार ये कहते हैं कि वो सरकार नहीं चला सकते, फैसले नहीं ले सकते, बोल नहीं सकते पहचान नहीं सकते, उन्हीं नीतीश कुमार ने आजकल तेजस्वी की नाक में दम किया हुआ है। वो हर रोज ऐसे फैसलों का ऐलान करते हैं जो एक-एक करके उनके सपोर्ट बेस को और पक्का करता है।

nitish kumar- India TV Hindi
Image Source : PTI मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ऐसे 26 फैसले किए जो महागठबंधन के नेताओं की टेंशन बढ़ाएंगें। अब बिहार में आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिलाओं को ज्यादा सैलरी मिलेगी। अब तक आंगनबाड़ी सेविका की सैलरी 7000 रुपये थी जो अब बढ़कर 9000 रुपये हो गई है। आंगनबाड़ी सहायिका को अब तक हर महीने 4000 रुपये मिलते थे लेकिन अब साढ़े चार हजार रुपये हर महीने मिलेंगे। आंगनबाड़ी की महिलाओं को ज्यादा सैलरी देने के लिए बिहार सरकार पर हर साल 345 करोड़ रुपये का खर्च बढ़ेगा। इस फंड को आज मंजूरी मिल गई है।

सरकारी कर्मियों का यात्रा भत्ता बढ़ाने का फैसला

इसके अलावा नीतीश कुमार ने सभी सरकारी कर्मियों का यात्रा भत्ता बढ़ाने का फैसला भी किया है। राजस्व कर्मचारी के 3303 अतिरिक्त पद क्रिएट किए जाएंगे। सामूहिक विवाह योजना के तहत 8053 पंचायतों में विवाह मंडप बनाए जाएंगे। नीतीश कुमार महिलाओं के लिए जिस तरह एक के बाद एक ऐलान कर रहे हैं, उससे तेजस्वी यादव परेशान हैं। आज तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने जिन जिन योजनाओं का वादा किया उनसे घबरा कर नीतीश कुमार उनकी नकल कर रहे हैं। लेकिन कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि जनता को डुप्लीकेट नहीं ओरिजनल चीफ मिनिस्टर की जरूरत है।

नीतीश कैबिनेट में 26 प्रस्तावों पर मुहर 

  • आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मानदेय में बढ़ोतरी 
  • सेविका को हर महीने 9000 और सहायिका को 4500 मिलेंगे 
  • राज्य के सरकारी कर्मियों का यात्रा भत्ता बढ़ाया जाएगा 
  • राजस्व कर्मचारी के 3303 अतिरिक्त पदों को मंजूरी 
  • मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को कैबिनेट की मंजूरी 
  • 6 शहरों में LPG आधारित शवदाह गृह की स्थापना 
  • सामूहिक विवाह योजना के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी 
  • 8053 पंचायत में विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा 
  • राज्य के 176 थानों में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे 
  • पटना में जीविका मुख्यालय भवन बनेगा 
  • मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना

तेजस्वी ने क्या कहा?

बता दें कि जिस वक्त नीतीश ने ढ़ाई लाख आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिलाओं की सैलरी बढ़ाने का फैसला किया, उस वक्त तेजस्वी यादव गयाजी में थे। असल में, लालू प्रसाद यादव आज अपने पितरों का पिंडदान करने गयाजी पहुंचे थे। उनके साथ राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, उनकी राजश्री और बेटी कात्यायनी भी थे। लालू यादव ने विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में सपरिवार पिंडदान का अनुष्ठान किया। इस दौरान लालू यादव ने तो कुछ नहीं कहा लेकिन विधिवत अनुष्ठान पूरा करने के बाद तेजस्वी यादव सामने आए। तेजस्वी ने कहा कि पितरों का पिंडदान करने के साथ साथ परिवार ने भगवान विष्णु प्रार्थना की कि ईश्वर बिहार को क्राइम, करप्शन, बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से मुक्ति दिलाएं।

चुनाव से पहले फुल एक्शन में CM नीतीश

जिन नीतीश कुमार के बारे में तेजस्वी यादव बार-बार ये कहते हैं कि वो सरकार नहीं चला सकते, फैसले नहीं ले सकते, बोल नहीं सकते पहचान नहीं सकते, उन्हीं नीतीश कुमार ने आजकल तेजस्वी यादव की नाक में दम किया हुआ है। वो हर रोज ऐसे फैसलों का ऐलान करते हैं जो एक-एक करके उनके सपोर्ट बेस को और पक्का करता है। तेजस्वी यादव सिर्फ वादे कर रहे हैं लेकिन नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर महिलाओं, नौजवानों और गरीब लोगों के लिए मदद की स्कीम्स का ऐलान कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

15 में से 3 बार मुस्लिम जीते, अब तक कौन-कौन रहे भारत के उपराष्ट्रपति, किनके पास सबसे ज्यादा समय रहा यह पद?