पटना एयरपोर्ट के निर्माणाधीन नए टर्मिनल में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का क्षत-विक्षत शव वर्षा जल निकासी पाइप के अंदर से बरामद हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि महिला की उम्र 35 से 40 साल के बीच मानी जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
अर्धनग्न अवस्था में था महिला का शव
एसडीपीओ-1 अनु कुमारी ने बताया कि शनिवार शाम सात बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली कि एक शव पाइप के भीतर देखा गया है। इसके बाद एयरपोर्ट थाना के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पाइप को काटकर महिला का शव बाहर निकाला गया।" 20 इंच की पाइप के अंदर महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था। माना जा रहा है कि हत्या से पहले महिला के साथ रेप किया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं शव को बाहर से लाकर पाइप में तो नहीं डाला गया।
जांच में जुटी पुलिस
एयरपोर्ट थाना के एक अधिकारी ने बताया कि जल निकासी प्रणाली के निरीक्षण के दौरान शव को देखा गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक महिला की पहचान की कोशिश जारी है। उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर काम कर रहे कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, ठेकेदारों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
सवाल है कि महिला एयरपोर्ट के निर्माणाधीन क्षेत्र में कैसे पहुंची और उसकी मौत किस परिस्थिति में हुई। पुलिस मर्डर, आत्महत्या या कोई अन्य साजिश के पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना ने पटना एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
शादी की रस्म देखने पहुंचे बुजुर्ग पर जाति सूचक गाली, दबंगों ने पीट-पीटकर की हत्या
मोतिहारी: सिंदूरदान से पहले याद आई गर्लफ्रेंड, मंडप से फरार हुआ दूल्हा