1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार का ये एग्जीक्यूटिव इंजीनियर तो निकला 'धनकुबेर', घर में मिले नोटों के ढेर, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

बिहार का ये एग्जीक्यूटिव इंजीनियर तो निकला 'धनकुबेर', घर में मिले नोटों के ढेर, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

बिहार में EOU ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई की है। तलाशी के दौरान फ्लैट से 50 लाख रुपये कैश बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, गहने और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी टीम को मिले हैं।

EOU ने एग्जीक्यूटिव...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT EOU ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के घर छापेमारी की।

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह EOU की अलग-अलग टीमों ने बिहार के चार जिलों में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

बिहार का भ्रष्ट इंजीनियर

मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में भी सुबह से EOU की टीम तलाशी ले रही है। तलाशी के दौरान फ्लैट से 50 लाख रुपये कैश बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, गहने और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी टीम को मिले हैं। नोटों को गिनने के लिए जांच अधिकारियों को मशीन तक मंगानी पड़ी है। EOU की कार्रवाई जारी है, बरामदगी और बढ़ने की संभावना है।

83.53 लाख की आय से अधिक संपत्ति का आरोप 

EOU के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ  आय के वैध स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का प्राथमिक साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी 

विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद 8 अक्टूबर को EOU ने एक साथ पांच ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। सभी स्थानों पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में EOU की टीमें दस्तावेज, बैंक खाते, निवेश, जमीन के कागजात, नकदी और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

मुजफ्फरपुर में पहले भी पदस्थ रह चुके हैं नारद कुमार दास 

बताया जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास पूर्व में मुजफ्फरपुर में भी पदस्थापित रह चुके हैं। इसी दौरान उन्होंने नया टोला स्थित यह फ्लैट खरीदा था। छापेमारी के दौरान स्थानीय काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद है। सुबह EOU की टीम के अपार्टमेंट पहुंचते ही परिसर में हलचल बढ़ गई। आसपास के लोगों में भी कार्रवाई को लेकर चर्चा रही। फिलहाल EOU की तलाशी जारी है। सभी ठिकानों पर कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद नकदी, दस्तावेज, आभूषण और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।

इससे कुछ दिन पहले EOU ने परिवहन विभाग के अधिकारी के घर छापेमारी की थी। परिवहन अधिकारी के 15 बैंक खातों में लाखों रुपये मिले। EOU की रेड में 11 प्लॉट, फ्लैट और निर्माणाधीन मकान के दस्तावेज भी बरामद हुए।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

ADM रविंद्र कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, बिस्तर से मिला नोटों का ढेर, सोना-चांदी और 50 से ज्यादा घड़ियां भी बरामद

नोटों के बंडल, सोने के गहने और चांदी के सिक्के; छापे में इंजीनियर के पास मिला 'कुबेर का खजाना'