1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: बच्चियों की गोद में गर्भवती मां का शव छोड़ पिता फरार, रो-रोकर सूख गईं मासूमों की आंखें, दिल चीर रही घटना

VIDEO: बच्चियों की गोद में गर्भवती मां का शव छोड़ पिता फरार, रो-रोकर सूख गईं मासूमों की आंखें, दिल चीर रही घटना

मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर 8 घंटों तक दोनों बच्चियां अपनी मृत मां को जिंदा समझकर वहां बैठी रही, जिसे देख वहां मौजूद यात्रियों की आंखें नम हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है।

मासूमों की गोद में मां...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मासूमों की गोद में मां का शव।

बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर एक 25 साल की महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। महिला के पास उसकी दो मासूम बेटियां बिलख रही थी। मृतका की पहचान जीतापुर भतखोरा निवासी मो. मुर्शीद की पत्नी काजल कुमारी (25) के रूप में हुई है। बच्चों को रोते देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृत मां को जिंदा समझकर बैठी रही बेटियां

मृतका की 3 साल बेटी हुस्नाज ने बताया कि रात में पापा ने उसकी मां को मारकर ऑटो से स्टेशन पर लाकर रख दिया। वहां पिता ने पहले दोनों बहन को स्टेशन पर लगे चेयर पर बैठाकर मां के शव को दोनों बच्ची के गोद में लिटा दिया। इसके बाद पिता दोनों बच्चियों को लावारिस छोड़कर वहां से चले गए। आठ घंटों तक दोनों बच्चियां अपनी मृत मां को जिंदा समझकर वहां बैठी रही, जिसे देख वहां मौजूद यात्रियों की आंखें नम हो गई।

मृतका के गले पर काले निशान

घटना की सूचना मिलते ही सहरसा से GRP इंस्पेक्टर दिलीप कुमार और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब शव का मुआयना किया, तो महिला के गले पर काले निशान पाए गए, जो फांसी या गला घोंटने की ओर इशारा कर रहे हैं।

प्रेग्नेंट थी मृतका

मृतका के एक रिश्तेदार ने बताया कि काजल और उसके पति के बीच पिछले एक महीने से विवाद चल रहा था। मृतका गर्भवती भी थी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सामने आया वीडियो-

हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पति की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।

8 साल पहले मुस्लिम लड़के से की थी लव मैरिज

ग्रामीणों ने बताया कि 8 साल पहले काजल कुमारी ने मुस्लिम लड़के मो. मुर्शीद से प्रेम विवाह किया था। ढाई माह पहले काजल अपनी दो बेटियों के साथ पड़ोस के मो. अंजार नाम के युवक के साथ घर भाग गई थी। इसके बाद अंजार के साथ ही रह रही थी।

(रिपोर्ट- मनीष कुमार)

यह भी पढ़ें-

छात्र का लॉकेट चोरी हुआ तो स्कूल में की गई तांत्रिक विधि, अक्षत चावल खिलाते ही 28 बच्चे बीमार, मचा हड़कंप

विवाहिता का मौत से पहले का VIDEO: कहा- पापा आकर ले जाओ, नहीं तो पति मार डालेगा; संदिग्ध हालात में मिली लाश