1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विवाहिता का मौत से पहले का VIDEO: कहा- पापा आकर ले जाओ, नहीं तो पति मार डालेगा; संदिग्ध हालात में मिली लाश

विवाहिता का मौत से पहले का VIDEO: कहा- पापा आकर ले जाओ, नहीं तो पति मार डालेगा; संदिग्ध हालात में मिली लाश

 Published : Feb 25, 2026 07:18 am IST,  Updated : Feb 25, 2026 07:19 am IST

28 वर्षीय विवाहिता की उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मौत से पहेल उसने करीब 30 सेकेंड का एक वीडियो अपने पिता को भेजा था जिसमें वह अपने पिता से गुहार लगाते हुए कह रही है कि उसे आकर ले जाएं, अन्यथा उसका पति शाहरुख उसे मार देगा।

मृतका ने वीडियो बनाकर...- India TV Hindi
मृतका ने वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा था, दूसरी तस्वीर उसके पति की है। Image Source : REPORTER INPUT

गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कटहा घाट रोड पर गजनी आरा मशीन के पास मंगलवार सुबह 28 वर्षीय नजराखातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना उसके ससुराल में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब मृतका का करीब 30 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया। हालांकि यह वीडियो लगभग चार महीने पुराना बताया जा रहा है, जिसे नजराखातून ने अपने पिता अल्ताफ हुसैन को भेजा था।

'मुझे कुछ भी होता है तो जिम्मेदारी शाहरुख की होगी'

वीडियो में वह अपने पिता से गुहार लगाते हुए कह रही है कि उसे आकर ले जाएं, अन्यथा उसका पति शाहरुख उसे मार देगा। उसने पति पर प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न का आरोप भी लगाया था। वीडियो में नजराखातून कह रही है, “पापा आकर ले जाओ, नहीं तो शाहरुख मार डालेगा। फोन तोड़ दिया है और बहुत ज्यादा परेशान कर रखा है। अगर मुझे कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी शाहरुख की होगी। मुझे बहुत ज्यादा डिप्रेशन में डाल दिया है।”

सुपुर्दे खाक की तैयारी के बीच पहुंचे परिजन

मृतका के देवर शाहबाज ने फोन के जरिए उसके पिता को मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही पिता जिला जालौन से अन्य परिजनों के साथ गोंडा पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही शव के सुपुर्दे खाक की तैयारी की जा रही थी। पिता अल्ताफ हुसैन ने इसका विरोध करते हुए पोस्टमार्टम की मांग की। ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर इनकार किए जाने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सामने आया वीडियो-

पति समेत पांच पर गंभीर आरोप

मृतका के पिता ने पति शाहरुख उर्फ रियाज, देवर शाहबाज, देवरानी रोशनी खातून, ससुर इलियास उर्फ राजू और सास रुखसाना पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने क्या कहा?

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सामने आए वीडियो और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो चार महीने पुराना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(गोंडा से अमित की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

घर के सामान के साथ गद्दे में लिपटा था बेटी का शव, पुलिस ने की जांच तो माता-पिता ने किया सनसनीखेज खुलासा-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।