1. Hindi News
  2. बिहार
  3. छात्र का लॉकेट चोरी हुआ तो स्कूल में की गई तांत्रिक विधि, अक्षत चावल खिलाते ही 28 बच्चे बीमार, मचा हड़कंप

छात्र का लॉकेट चोरी हुआ तो स्कूल में की गई तांत्रिक विधि, अक्षत चावल खिलाते ही 28 बच्चे बीमार, मचा हड़कंप

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Feb 24, 2026 08:58 pm IST,  Updated : Feb 24, 2026 09:20 pm IST

बिहार के सीतामढ़ी जिले के एक स्कूल में छात्र का लॉकेट चोरी हुआ तो स्कूल में चोर को ढूंढ़ने के लिए तांत्रिक विधि की गई। स्कूल के बच्चों को अक्षत चावल खिला दिया गया। इसके बाद 28 बच्चे बीमार हो गए हैं जिस कारण हड़कंप मच गया है।

bihar school students ill after eating rice- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PIXABAY/PEXELS

बिहार के सीतामढ़ी जिले से अंधविश्वास का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल में चोरी होने के बाद शिक्षक ने कथित तौर पर चोर को पकड़ने के लिए बच्चों को अक्षत खिला दिया। जानकारी के मुताबिक, अक्षत चावल खाते ही 28 बच्चे बीमार हो गए हैं जिसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया है। इस घटना के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है और नाराजगी जता रहा है। मामले में शिक्षक से कार्रवाई की मांग की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित अथरी मिडिल स्कूल से सामने आया है। यहां अंधविश्वास का एक चौंकाने वाला मामला देखने को मिला जब चोरी की घटना के बाद बच्चों की जान जोखिम में डाल दी गई। बताया जा रहा है कि एक छात्र का सोने का हनुमान लॉकेट चोरी हो गया था। चोर पकड़ने के लिए स्कूल के एक शिक्षक ने कथित तौर पर तांत्रिक विधि का सहारा लिया। इस दौरान बाहर से लाए गए अक्षत (चावल) को "सच उजागर करने" के नाम पर सभी बच्चों को खिलाया गया।

चावल खाते ही बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, चावल खाने के कुछ ही देर बाद स्कूल में करीब 28 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द, जी मिचलाना और सिरदर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई अस्पताल में भर्ती घटना के बाद सभी बीमार बच्चों को आनन-फानन में रुन्नीसैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

बच्चों की इलाज जारी

डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों में आक्रोश घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि अंधविश्वास के नाम पर मासूम बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया है। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (रिपोर्ट: सौरभ)

ये भी पढ़ें- पटना: शादी के रिसेप्शन में ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने 2 सगे भाइयों को गोलियों से भूना, घटनास्थल पर ही मौत

बिहारः स्कूल में चुपके से महिला टीचर्स की फोटो खींचता था प्रिंसिपल, मोबाइल फोन में मिली 150 तस्वीरें, जूम करके देखते हुए पकड़ा गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।