1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हाजीपुर में घर में घुसकर नवविवाहिता को मारी गोली, PMCH रेफर, जांच में जुटी पुलिस

हाजीपुर में घर में घुसकर नवविवाहिता को मारी गोली, PMCH रेफर, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Oct 28, 2026 08:46 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 08:46 pm IST

हाजीपुर से एक सनसनी मामला सामने आया है जिसने सभी के होश उड़ा दिए है। दरअसल कुछ अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर नवविवाहिता को गोली मार दी। जानें क्या है पूरा मामला।

हाजीपुर में घर में घुसकर नवविवाहिता को मारी गोली, PMCH रेफर, जांच में जुटी पुलिस- India TV Hindi
हाजीपुर में घर में घुसकर नवविवाहिता को मारी गोली, PMCH रेफर, जांच में जुटी पुलिस Image Source : INDIA TV

बिहार के हाजीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक नवविवाहिता को गोली मार दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) रेफर कर दिया है।

कहां का मामला

सदर थाना क्षेत्र के आदलपुर में एक विवाहिता को गोली मारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान दीवानी कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी सोनू राय से हुई है और वह आदलपुर में ही रहती है। गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पीड़िता का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में घटना स्थल को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। कभी परिजन बता रहे हैं कि घर के बाहर गोली चली है, तो कभी बता रहे हैं कि दलान में गोली चली है, जबकि बाद में बताया कि घर के अंदर गोली लगी है। परिजनों के बयानों में विरोधाभास होने से पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता अभी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है और अपना बयान नहीं दे पाई है। गोली किस विवाद में और किसके द्वारा चलाई गई है, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पीड़िता के होश में आने के बाद उसका फर्द बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट - Raja Babu)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।