A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मानवता शर्मसार! युवक को रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा, दिनदहाड़े हत्या का खौफनाक VIDEO वायरल

मानवता शर्मसार! युवक को रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा, दिनदहाड़े हत्या का खौफनाक VIDEO वायरल

रोहतास में दिनदहाड़े सड़क पर हो रही इस बर्बरता को लोग सिर्फ देखते रहे। किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित को बचाने या हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया।

युवक को लाठी-डंडों से...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला।

बिहार के रोहतास में मंगलवार को एक व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या हुई, जिसका बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है। इस जघन्य वारदात में शामिल हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी, जिसकी पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। घटना रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव की है।

लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला

मुरादाबाद गांव के समीप सासाराम-चौसा पथ पर कुछ लोग एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर पीड़ित के पैर में रस्सी बांधकर उसे सड़क पर घसीट रहे हैं, जबकि अन्य लोग लाठी-डंडों से लगातार वार कर रहे हैं। हमलावरों के सिर पर खून सवार था और उन्होंने मानवता को शर्मसार कर दिया।

तमाशबीन बनी रही भीड़

इस पूरी घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि दिनदहाड़े सड़क पर हो रही इस बर्बरता को लोग सिर्फ देखते रहे। किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित को बचाने या हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया। यह वीडियो पास के एक मकान की खिड़की से बनाया गया बताया जा रहा है।

दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक और हमलावरों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को जब मृतक बाइक से बाराडीह गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेर कर पकड़ लिया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर कुछ दिन पहले मृतक के भाई के साथ भी मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

(रिपोर्ट- रंजन सिंह)

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु में बीच सड़क पर 27 साल के युवक को मार डाला, हत्या का लाइव VIDEO रोंगटे खड़े कर देगा

शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग में हत्या, हाथदार हथियार से हमला करने के बाद मारी गोली; युवक की मौत