बेंगलुरु में एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे शहर में हलचल मचा दी। यहां रविवार सुबह किरण नाम के एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना राममूर्ति नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आने वाले राममूर्ति नगर इलाके में TC पाल्या मेन रोड पर रविवार सुबह 4 से 4.30 बजे के बीच हुई। युवक पर जानलेवा हथियार से हमला किया गया। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
युवक को रॉड से मार डाला
पीड़ित किरण, जिसकी उम्र लगभग 27 साल है, KR पुरम इलाके का रहने वाला था। इस मामले में दोनों आरोपियों गंगाराज और युवराज को अरेस्ट कर लिया गया है। शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी गंगाराज अपने दोस्त युवराज के साथ ऑटोरिक्शा में आया और किरण की रॉड से पिटाई शुरू कर दी। इस हमले में किरण को सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाग गए।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शुरुआती जांच की। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया। इस नृशंस हत्या का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने रूह कंपा दी है।
हत्या की वजह क्या?
पुलिस ने बताया कि मृतक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। वह अविवाहित था और उसके पास कोई नौकरी भी नहीं थी। शुरुआती जांच से पता चलता है कि हत्या पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हो सकती है। आरोपी ने बताया कि पैसों के लेन देन को लेकर उनके बीच खूनी झगड़ा हो गया था। घटना के समय तीनों ने शराब पी रखी थी। पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें-
ससुराल पहुंचकर पति ने गुस्से में किया कुछ ऐसा, जिंदगी-मौत के बीच जंग लड़ रही पत्नी
किराये के मकान में तीन बच्चों समेत 5 लोगों की मिली लाश, फंदे से लटकते मिले शव, सुसाइड नोट भी बरामद