महाराष्ट्र के डोंबिवली में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामूली विवाद में एक दोस्त ने ही अपने 43 वर्षीय मित्र की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी करीब 20 दिनों तक चैन से सो नहीं पाया। मृतक दोस्त बार-बार उसके सपनों में आने लगा। आखिरकार अपराधबोध से परेशान होकर आरोपी खुद पुलिस के पास पहुंचा और हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी।
इस मामले में विष्णुनगर पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी प्रभु करकड़े और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले मकान मालिक संदेश म्हात्रे को गिरफ्तार किया है।
शराब पीते-पीते की हत्या, फिर अपराधबोध ने कर दिया बेचैन
यह घटना 9 अक्तूबर को डोंबिवली पश्चिम के मोठागांव इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक पल्लव उर्फ विशाल कदम (43) और आरोपी प्रभु करकड़े एक ही घर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में प्रभु ने अपने ही दोस्त पल्लव उर्फ विशाल की हत्या कर दी।
Image Source : reporter inputपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
शव को बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया
हत्या के बाद घबराए प्रभु ने इसकी जानकारी मकान मालिक संदेश म्हात्रे को दी। बताया जाता है कि संदेश ने उसे समझाया कि उसकी अभी शादी भी नहीं हुई है और इस घटना से उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को एक बोरे में भरा और खाड़ी किनारे सुनसान जगह पर फेंक दिया। दोनों को लगा कि इस तरह हत्या का राज हमेशा के लिए दफन हो जाएगा।
20 दिन से सो नहीं पाया आरोपी
लेकिन वारदात के बाद आरोपी की जिंदगी बदल गई। करीब 20 दिनों तक उसे ठीक से नींद नहीं आई। मृतक दोस्त बार-बार उसके सपनों में आता रहा। हत्या की घटना और अपराधबोध से परेशान होकर आखिरकार प्रभु खुद ठाणे क्राइम ब्रांच के पास पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए विष्णुनगर पुलिस के हवाले कर दिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राम चोपड़े ने बताया कि इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
वहीं, इससे 2 दिन पहले महाराष्ट्र के वाशिम में एक शख्स ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने पत्नी पर उस वक्त हमला किया, जब वह गहरी नींद में सो रही थी।
(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)
यह भी पढ़ें-
लुधियाना में बॉयफ्रेंड की थार पर गोलियां चलीं, युवती ने कर लिया सुसाइड; भाई बोला- 3 महीने से बहन को परेशान करता था
दुकान में घुसा, चाकू की नोक पर महिला को बनाया बंधक, गोंद से चिपकाए हाथ... मंगलसूत्र लूटने की कोशिश का LIVE VIDEO
Latest Crime News