1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दुकान में घुसा, चाकू की नोक पर महिला को बनाया बंधक, गोंद से चिपकाए हाथ... मंगलसूत्र लूटने की कोशिश का LIVE VIDEO

दुकान में घुसा, चाकू की नोक पर महिला को बनाया बंधक, गोंद से चिपकाए हाथ... मंगलसूत्र लूटने की कोशिश का LIVE VIDEO

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Malaika Imam
 Published : Nov 03, 2026 12:48 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 01:18 pm IST

बेंगलुरु में एक दुकान में लूट की कोशिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शख्स हेलमेट पहनकर दुकान में घुसा और चाकू दिखाकर महिला रिसेप्शनिस्ट को बंधक बना लिया। उसने महिला के दोनों हाथ गोंद से काउंटर पर चिपका दिए और उसका मंगलसूत्र लूटने की कोशिश की।

आरोपी पकड़ा गया- India TV Hindi
आरोपी पकड़ा गया Image Source : REPORTER

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के  व्यस्त 100 फीट रोड  पर लूट की एक अजीब और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। शनिवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने एक दुकान में घुसकर, चाकू की नोक पर वहां मौजूद महिला रिसेप्शनिस्ट को बंधक बना लिया। उसने एक तेज चिपकने वाले गोंद (एडहेसिव) की मदद से महिला के हाथों को काउंटर पर चिपका दिया, लेकिन कुछ देर के ड्रामे के बाद सतर्क नागरिकों और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान प्रभुराज (40) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद उसे काबू कर लिया गया और पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से परेशान और गंभीर डिप्रेशन में लग रहा था। जांचकर्ता उसके बैकग्राउंड और मेडिकल प्रोफाइल की जांच कर रहे हैं।

यह घटना 31 अक्टूबर को सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:15 बजे के बीच 'प्रीमियम शू एंड बैग रिपेयर शॉप' में हुई। 23 वर्षीय पीड़िता, जो डोमलुर की रहने वाली है और वहां रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है, उस समय फ्रंट डेस्क पर अकेली थी और ग्राहकों के रिपेयर रिकॉर्ड देख रही थी।

यहां देखें वीडियो-

गले पर चाकू रखकर जान से मारने की दी धमकी

पुलिस के मुताबिक, प्रभुराज हेलमेट और दस्ताने पहनकर दुकान में घुसा। वह कुछ अस्पष्ट बातें चिल्ला रहा था, जैसे कि कोई उसे मारने के लिए उसका पीछा कर रहा है। इसके बाद वह रिसेप्शन काउंटर के ऊपर से कूदकर अंदर आ गया। डरी हुई पीड़िता ने जैसे ही दुकान के मालिक को सूचित करने के लिए अपना फोन उठाया, आरोपी ने उसे काबू कर लिया, उसका मुंह बंद कर दिया और गले पर चाकू रखकर धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो वह उसे मार डालेगा।

पीड़िता को असहाय करने के लिए उसने उसके दोनों हथेलियों पर तेज चिपकने वाला गोंद (फेविक्विक जैसा पदार्थ) डाला और उन्हें डेस्क पर जोर से चिपका दिया। उसने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसका 35 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लूटने की कोशिश की।

लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी को दबोचा

हालांकि, पीड़िता किसी तरह अपने हाथों को डेस्क से छुड़ाने में कामयाब रही और मदद के लिए चिल्लाई। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे लोग और आस-पास के दुकानदार दुकान की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख प्रभुराज ने भीड़ की तरफ चाकू लहराया और वहां से भागने की कोशिश की। आम लोगों और पास ही तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही मिनटों में उसे घेर लिया।

एक शिकायत के आधार पर इंदिरा नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पीड़ित सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है। मामले की आगे की जांच चल रही है।

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला में एक महिला को बदमाश ने निशाना बना लिया। घर से महज 100 मीटर पहले पीछे से आए युवक ने महिला का मुंह दबाकर गले से सोने की चेन और लॉकेट लूटकर फरार हो गया।

ये भी पढ़ें-

प्रदूषण के खिलाफ दीया मिर्जा का वीडियो फिर अपलोड करने का आदेश, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा- 'भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है'

रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी नौकर के पैर में गोली मारी, किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।