यूपी के कानपुर में साइबर हैकरों की ब्लैकमेलिंग ने एक होनहार छात्र की जिंदगी छीन ली। NEET की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय शिवा सिंह को हैकरों ने इस कदर परेशान किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने उसका मोबाइल हैक कर अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार कर लिए थे। इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार रुपये मांगे जा रहे थे। हद तो तब हो गई जब हैकरों ने छात्र के पिता का मोबाइल नंबर हासिल कर उनके व्हाट्सएप पर भी बेटे की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेज दिए। रविवार देर रात रावतपुर के तुलसी नगर स्थित हॉस्टल के कमरे में शिवा का शव फंदे से लटका मिला। बेटे की मौत की खबर सुनकर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इंटर में टॉप किया, डॉक्टर बनने का था सपना
बहराइच के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी चंद्रवीर सिंह किसान हैं। उनका बेटा शिवा पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने वर्ष 2024 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया था। डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए वर्ष 2025 में कानपुर आया था। रावतपुर के तुलसी नगर स्थित हॉस्टल में वह अपने सहपाठी दीपक गोस्वामी के साथ रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।
पिता को बताई ब्लैकमेलिंग की पूरी कहानी
पिता चंद्रवीर सिंह के मुताबिक, शिवा ने शुक्रवार को फोन कर बताया था कि किसी ने उसका मोबाइल हैक कर लिया है। हैकर लगातार फोन करके रुपये मांग रहे हैं और पैसे नहीं देने पर उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। पिता ने उसे समझाया और बहराइच के हुजूरपुर थाने में साइबर अपराधियों के खिलाफ तहरीर दी। इसके बावजूद धमकियां जारी रहीं। रविवार को शिवा ने अपने चाचा रंजीत से एक हजार रुपये भी मांगे थे। चाचा ने ऑनलाइन रकम भेज दी, लेकिन हैकरों ने पीछा नहीं छोड़ा।
पिता के व्हाट्सएप पर भेज दिए अश्लील फोटो
रविवार को हैकरों ने पिता के मोबाइल पर भी शिवा की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेज दिए। इससे छात्र मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया। उसे अपनी और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा की चिंता सताने लगी थी। पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि पुलिस कार्रवाई करेगी, लेकिन रविवार देर रात शिवा ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। रूम पार्टनर दीपक गोस्वामी कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो शिवा का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया।
शवों के बीच बेटे को तलाशती रही मां
पोस्टमार्टम हाउस में पिता चंद्रवीर सिंह बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा, बेटे को डॉक्टर बनाने भेजा था, कभी नहीं सोचा था कि उसकी बॉडी लेकर गांव लौटना पड़ेगा। वहीं मां पूनम सिंह पोस्टमार्टम हाउस में रखे शवों के बीच बेटे को तलाशती रहीं। वह बिलखते हुए कह रही थीं, 'ईमा हमार बिटवा कौन सा है... शिवा, शिवा।' मां और बहन की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में साइबर हैकरों द्वारा छात्र को परेशान किए जाने की जानकारी दी है। अभी तहरीर नहीं मिली है। मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और जांच में तथ्य सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से कूदकर MBA छात्रा की मौत
वहीं, आपको बता दें कि 2 दिन पहले ही राजस्थान के जयपुर की पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में MBA की 23 वर्षीय छात्रा की छठी मंजिल से कूदने के बाद मौत हो गई थी। कुछ दिन पहले ही उसे नौकरी मिली थी।
(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
ChatGPT को भी हैक किया जा सकता है, 3 भारतीय लड़कों ने लगाई सेंध, गिनाई कमियां