बेंगलुरू में एक जिम ट्रेनर की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक जिम की सालगिरह की पार्टी के बाद ट्रेनर की हत्या की गई। परिजनों ने जिम के ही अन्य ट्रेनरों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मृतक नंदन की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों की मृतक के साथ पहले से ही जान पहचान थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पार्टी के बाद की गई हत्या
दरअसल, नंदन नाम के 25 साल के युवक की शनिवार को हत्या कर दी गई। हत्या के मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कहा जा रहा है कि जिम की सालगिरह की पार्टी के बाद नंदन एक परिचित अनुष के घर गया था। अनुष जिम में ट्रेनिंग करता था। वहां उसके तीन और जिम ट्रेनर्स शरद, निशांत और विश्वनाथ के साथ झगड़ा हो गया। इस झगड़े में नंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। नंदन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। यह घटना बेंगलुरु के हेब्बाल इलाके के केम्पापुरा में हुई।
शरीर पर मिले चोट के निशान
जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को जिम की पहली सालगिरह का जश्न मनाया गया था। नंदन घर से यह कहकर निकला था कि अगर देर हो गई तो वह सुबह लौटेगा। वहीं सालगिरह के कार्यक्रम के बाद, नंदन दूसरे जिम ट्रेनर्स के साथ अनुष के अपार्टमेंट में गया था। वहां उसका झगड़ा हो गया और कथित तौर पर नंदन पर हमला किया गया। इसके बाद नंदन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हेब्बाल के एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर नंदन की मां तुरंत अस्पताल पहुंची। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
नंदन की मां मंजुला ने अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अपार्टमेंट में झगड़े के बाद उस पर जानलेवा हमला हुआ। शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई और चारों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं अमृतहल्ली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Image Source : Reporter Inputहत्या के आरोपी विश्वनाथ, शरद और निशांत।
यह भी पढ़ें-
पति को शराब का लालच देकर जंगल ले गई पत्नी, फिर आशिक के साथ मिलकर दी दर्दनाक मौत; यूं सुलझी मर्डर की गुत्थी
Latest Crime News