1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 15 साल का रिश्ता, फिर हत्या! गर्लफ्रेंड की लाश को हीटर से जलाया, करंट से मौत का फर्जी नाटक किया; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

15 साल का रिश्ता, फिर हत्या! गर्लफ्रेंड की लाश को हीटर से जलाया, करंट से मौत का फर्जी नाटक किया; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

महाराष्ट्र के नागपुर में एक शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड को मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद ऐसा षडयंत्र रचा कि पुलिस भी हैरान रह गई। शख्स ने महिला की हत्या करके करंट से मौत दिखाने की साजिश रची लेकिन उसके पूरे प्लान पर पानी फिर गया।

गर्लफ्रेंड को मारा,...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गर्लफ्रेंड को मारा, फिर इमर्शन हीटर से रचा करंट वाला षड्यंत्र (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नागपुर की MIDC पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाले आरोपी को कुछ घंटे के भीतर महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी के लिए दबाव बनाने पर महिला की हत्या कर दी और फिर करंट से मौत दिखाने का षडयंत्र रचा। उसने महिला के शव के पास बिजली का उपकरण (इमर्शन हीटर) रखकर यह दिखाने की कोशिश की थी कि उसकी मौत करंट लगने से हुई है। लेकिन मामले में टिवस्ट तब आया जब पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने महिला की मौत सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के कारण होने की जानकारी दी।

आरोपी की पहचान जलगांव जिले की रावत तहसील के शिव कॉलोनी निवासी 35 वर्ष की जावेद शेख साहिद मन्नियार के रूप में हुई है जबकि मृतका की पहचान कविता (35) के रूप में हुई है।  

कैसे दिया वारदात को अंजाम?

महिला अपने पति और 11 व 13 साल की दो बेटियों के साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, जलगांव जिले की रावेर तहसील का रहने वाला जावेद नागपुर में एयर-कंडीशनर तकनीशियन के तौर पर काम करता था। महिला और जावेद लगभग 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। महिला उस पर शादी करने का दबाव डाल रही थी। चूंकि जावेद भी पहले से ही शादीशुदा था, इसलिए इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे।

रविवार सुबह जावेद महिला के घर पहुंचा, उस समय उसका पति काम के सिलसिले में अपने पैतृक गांव गया हुआ था और उसकी बेटियां अपने चाचा के घर गई हुई थीं। शाम को शादी के मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि जावेद ने महिला के सिर पर किसी भारी चीज़ से वार किया। इसके बाद, उसने कथित तौर पर रूम हीटर का इस्तेमाल करके महिला के शरीर को जला दिया। इसके बाद आरोपी रात में ट्रेन से जलगांव भाग गया। 

करंट से मौत बताई जा रही थी, असल में सिर पर वार से हत्या

यह घटना सोमवार सुबह तब सामने आई, जब पीड़िता की बेटियां घर लौटीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि महिला की मौत बिजली का झटका लगने से हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसके सिर पर चोट लगी थी। मंगलवार को जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया और शहर लाया गया।

दरअसल, शव के पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे उसकी मौत को लेकर पुलिस को संदेह गहरा गया। डॉक्टर ने भी आशंका जताई कि हीटर का इस्तेमाल केवल मौत को करंट लगने का हादसा साबित करने के लिए किया गया हो सकता है। 

कैसे पकड़ में आया जावेद?

इसके बाद पुलिस ने मृतका के मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाली जिसमें सामने आया था कि वह नियमित रूप से जावेद शेख के संपर्क में थी। आरोपी जावेद की लोकेशन जलगांव में मिलने पर स्थानीय पुलिस की मदद से उसे धर दबोचा।

शादी के बाद भी संपर्क में थे दोनों

पुलिस पूछताछ में आरोपी जावेद शेख ने बताया कि वह AC की मरम्मत का काम करता था। कॉलेज के दिनों में दोनों की जान पहचान हुई थी, लेकिन दोनों अलग-अलग धर्म के होने के कारण उनके रिश्ते का कड़ा विरोध हुआ, जिसके चलते दोनों ने अपने-अपने स्तर पर अन्य जगहों पर शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद भी दोनों संपर्क में बने रहे। पूछताछ में पता चला कि कविता मेस में काम करती थी, उसकी बहन का विवाह जलगांव में हुआ था।

हीटर से शरीर पर झटके दिए

पिछले 15 वर्षों से कविता और जावेद के प्रेम संबंध थे। पति के घर पर नहीं होने पर जावेद नागपुर आ जाता था, लेकिन कुछ समय से वह कविता को नजरअंदाज कर रहा था। कविता जावेद से विवाह करना चाहती थी लेकिन जावेद उससे दूरी बना रहा था। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। जावेद पेशे से इलेक्ट्रीशियन है, उसने कविता की मौत करंट लगने से हुई यह दिखाने के लिए हीटर से शरीर पर झटके दिए और बाद में हीटर पर पानी गर्म करने रख दिया।

वहीं, उल्हासनगर शहर में रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात को एक सनसनीखेज वारदात में हरीश गजवानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने हरीश गजवानी पर पहले चॉपर से हमला किया और फिर उनके सिर में दो गोलियां दाग दीं। 

यह भी पढ़ें-

इंसानियत शर्मसार! 17 साल की नाबालिग मां के नवजात को बेचने का आरोप, प्राइवेट अस्पताल सील, डॉक्टर पर FIR

शराब की खातिर बेटे ने कर दी मां की हत्या, फिर गंगा स्नान करने चला गया; लौट कर निहारता रहा शव

Latest Crime News