बिहार के समस्तीपुर के रोसड़ा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर ग्रामीणों तक सभी को हैरान कर दिया है। 4 साल पहले जिस युवक की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था और चार लोगों को जेल भेजा गया था, वही युवक अब नोएडा में जिंदा मिला है। युवक की पहचान होने के बाद ग्रामीण उसे लेकर रोसड़ा थाना पहुंचे, जहां उसे जिंदा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
क्या है पूरा मामला?
मामला रोसड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का है। जुलाई 2022 में लालपुर निवासी मदन यादव ने अपने 20 वर्षीय दिव्यांग और मूक-बधिर पुत्र रवि शंकर कुमार की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया था। आवेदन में सहदेव पंडित, मुकेश पंडित और दिनेश पंडित पर रवि शंकर से जेसीबी, ट्रैक्टर और आम के बगीचे में काम कराने का आरोप लगाया गया था। बताया गया था कि ट्रैक्टर पलटने से रवि शंकर की मौत हो गई और इसके बाद उसके शव को गायब कर दिया गया। मामले में ट्रैक्टर चालक छोटू महतो को भी आरोपी बनाया गया था।
3 को गिरफ्तार कर जेल भेजा, एक ने किया था सरेंडर
पुलिस ने सहदेव पंडित, मुकेश पंडित और छोटू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दिनेश पंडित ने कोर्ट में सरेंडर किया था। लेकिन करीब चार साल बाद इस पूरे मामले में ऐसा मोड़ आया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। बीते 2 अक्टूबर को नोएडा में रवि शंकर के जिंदा होने की जानकारी सामने आई।
Image Source : reporter inputचार साल पहले हत्या के आरोप में 4 लोग पहुंचे थे जेल।
4 साल बाद जिंदा मिला रवि शंकर
बताया जा रहा है कि लालपुर गांव का आकाश कुमार नोएडा में मजदूरी करता है। 2 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे सैलून जाने के दौरान वह एक फल की दुकान के पास पहुंचा। वहां काम कर रहे एक युवक को देखकर आकाश ने उसकी पहचान रवि शंकर कुमार के रूप में की। इसके बाद आकाश ने अपने साथियों और पंचायत के मुखिया को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने युवक को अपने साथ लिया और रोसड़ा थाना पहुंच गए। युवक को थाने में जिंदा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण रोसड़ा थाना पहुंच गए। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही तत्कालीन थानाध्यक्ष, जांचकर्ता और डीएसपी की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई।
क्या बोले ग्रामीण?
ग्रामीणों का कहना है कि अगर रवि शंकर जिंदा है, तो 4 साल पहले हत्या का मामला किस आधार पर दर्ज हुआ और निर्दोष लोगों को जेल क्यों भेजा गया। इसकी भी जांच होनी चाहिए। फिलहाल रोसड़ा पुलिस रवि शंकर की पहचान और चार साल पुराने मामले से जुड़े तथ्यों का सत्यापन करने में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नोएडा में मिला युवक वास्तव में वही रवि शंकर है या नहीं और वर्ष 2022 में दर्ज हत्या के मामले की वास्तविक सच्चाई क्या थी।
हाल ही में मुजफ्फरपुर में भी ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें 4 साल पहले एक युवक की मौत का मामला दर्ज हुआ और अब वो युवक खुद थाने में सही सलामत जिंदा आकर खड़ा हो गया। युवक ने प्यार के लिए अपनी मौत की साजिश रची थी।
(रिपोर्ट- सुनील कुमार)
यह भी पढ़ें-
बिहार के कटिहार में दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, बाजार में खड़े देखते रहे लोग, LIVE फुटेज भी आया सामने
स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, जबरन मांग में भर दिया सिंदूर, 6 युवकों पर केस दर्ज
Latest Crime News