1. Hindi News
  2. बिहार
  3. स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, जबरन मांग में भर दिया सिंदूर, 6 युवकों पर केस दर्ज

स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, जबरन मांग में भर दिया सिंदूर, 6 युवकों पर केस दर्ज

 Published : Oct 05, 2026 11:22 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 11:22 am IST

बांका में स्कूल से घर आ रही एक नाबालिग छात्रा के साथ कुछ लोगों ने छेड़खानी की और जबरन मांग में सिंदूर भर दिया। इस घटना में 6 लोग शामिल थे जो मौके से फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बांका में युवती से छेड़खानी- India TV Hindi
बांका में युवती से छेड़खानी Image Source : INDIA TV

बिहार के बांका में रजौन थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक 16 साल की नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। युवकों ने जबरन छात्रा की मांग में सिंदूर डाल दिया। ये पूरी घटना 30 सितंबर की बतायी जा रही है। मामले में छात्रा की मां ने लिखित आवेदन देकर रजौन थाना में छह युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी

पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी बेटी स्कूल में पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब चार बजे साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान मदनी फूल के पास पहले से मौजूद 6 युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली। आरोप है कि युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया।

जबरन मांग में भर दिया सिंदूर

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान छात्रा के एक रिश्तेदार कुंदन कुमार ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, साथ ही घटना की जानकारी पुलिस थाने में देने पर उसे बर्बाद करने की धमकी दी। इस घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस में मामला दर्ज

घर पहुंचने के बाद छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। छात्रा के साथ उसकी मां रजौन थाना पहुंचीं और पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने छह युवकों को नामजद किया है। इनमें म्हाडा निवासी कुंदन कुमार, रामकृष्ण कुमार, साजन कुमार, समर कुमार और साहिल कुमार और भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के मदीहा निवासी ज्योतिष कुमार शामिल हैं।

रजौन थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 76, 352, 351(2)(3), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एसआई किरण सोनी को सौंपी गयी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट: बंटी कुमार सिंह, बांका 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।