पंजाब के संगरूर से सामने आया 3 मासूम बच्चों की मौत का मामला अब हत्या की गुत्थी में बदल गया है। 26 अगस्त को एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत जहरीली मिठाई खाने से होने की बात सामने आई थी। शुरुआत में पुलिस इसे फूड पॉइजनिंग का मामला मानकर जांच कर रही थी, लेकिन जब एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत पर सवाल उठे तो जांच का रुख बदल गया। पुलिस के मुताबिक बच्चों की मां का इंस्टाग्राम के जरिए एक व्यक्ति से संपर्क हुआ था और दोनों के बीच कथित संबंध थे। आरोप है कि बच्चों को रास्ते से हटाने के लिए जहरीली मिठाई की साजिश रची गई।
क्या है पूरा मामला?
मामला संगरूर के भवानीगढ़ का है, जहां 26 अगस्त को एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई थी। मृतक बच्चों में करीब ढाई साल का एक बच्चा, छह साल का एक बच्चा और पांच साल की एक बच्ची शामिल थी। शुरुआत में यह मामला फूड पॉइजनिंग का माना गया, क्योंकि बच्चों के जहरीली मिठाई खाने की बात सामने आई थी। लेकिन पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच शुरू की तो कई सवाल खड़े हुए।
मिठाई खाने वाले दूसरे लोग चपेट में क्यों नहीं आए?
पुलिस ने जांच की कि अगर मिठाई जहरीली थी तो उसी घर के तीन बच्चों की ही मौत क्यों हुई? जिस दुकान से मिठाई लाई गई थी, वहां से मिठाई खाने वाले दूसरे लोग इसकी चपेट में क्यों नहीं आए? इन्हीं सवालों के जवाब तलाशते हुए पुलिस की जांच आगे बढ़ी और मामले में हत्या की साजिश का एंगल सामने आया।
Image Source : reporter inputआरोपी मां गिरफ्तार।
प्यार में अंधी मां का काला कारनामा
पुलिस के मुताबिक बच्चों की मां की इंस्टाग्राम के जरिए एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी, जो बाद में कथित तौर पर रिश्ते में बदल गई। आरोप है कि दोनों बच्चों को रास्ते से हटाना चाहते थे। आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन घर में आई मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाया गया और बच्चों ने वह मिठाई खा ली। इसके बाद तीनों बच्चों की मौत हो गई। इस मामले में बच्चों के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने बच्चों की मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने क्या बताया?
SSP संगरूर रवजोत ग्रेवाल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआत में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा था, लेकिन एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत होने के कारण पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान मां के एक व्यक्ति के साथ कथित संबंध और बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश सामने आई। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके कथित प्रेमी की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस ने बच्चों की मां को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कथित प्रेमी की तलाश की जा रही है। तीन मासूम बच्चों की मौत से जुड़े इस मामले में पुलिस की जांच आगे जारी है।
8 साल की भतीजी से किया दुष्कर्म
वहीं, एक अन्य मामले में संगरूर में एक व्यक्ति पर अपनी ही 8 साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी 8 साल की बेटी को उसकी दादी के पास छोड़ा हुआ था। वहां उनका बड़ा भाई भी रहता था। जब परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर चले जाते थे, तब आरोपी अपनी ही भतीजी के साथ दुष्कर्म करता था।
(रिपोर्ट- चरणजीव कौशल)
यह भी पढ़ें-
खेत से बरामद हुई मायके आई स्नेहा की लाश, पास में रोती मिली 1.5 साल की बच्ची; पुलिस ने प्रेमी और पति को किया अरेस्ट
13 साल के मासूम को किडनैप किया, वीडियो बनाया फिर मार डाला... पड़ोसी ने एजुकेशन लोन चुकाने के लिए रची साजिश
Latest Crime News