पंजाब के संगरूर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर अपनी ही 8 साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी 8 साल की बेटी को उसकी दादी के पास छोड़ा हुआ था। वहां उनका बड़ा भाई भी रहता था, जो कथित तौर पर शराब पीने का आदी है।
बच्ची का करता रहा यौन शोषण
पिता के मुताबिक, जब परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर चले जाते थे, तब आरोपी अपनी ही भतीजी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करता था। बच्ची ने आरोप लगाया कि उसका ताऊ पिछले दो-तीन महीनों से उसके साथ गलत काम कर रहा था। बच्ची के मुताबिक, आरोपी उसे डराता-धमकाता था और कहता था कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसके माता-पिता को जान से मार देगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में बच्ची के पिता ने अपने बड़े भाई, उसकी पत्नी और उसकी सास के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, सिटी थाना संगरूर के SHO मनप्रीत सिंह ने बताया कि मामले में संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
युवक की मौत के बाद बड़ा ग्रामीण जमावड़ा, प्रस्ताव पास
वहीं एक अन्य मामले में संगरूर के गांव झाड़ों में नशे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं, जबकि नशा बेचने के आरोपों का सामना कर रहे पक्ष से जुड़े एक युवक की पटियाला में मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद आज गांव झाड़ों में बड़ा ग्रामीण जमावड़ा हुआ, जहां गांववासियों की ओर से एक प्रस्ताव पास किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस कार्रवाई करती है तो सिर्फ एक-दो लोगों को निशाना न बनाया जाए, बल्कि पूरे गांव के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, क्योंकि नशे के खिलाफ आवाज पूरे गांव ने मिलकर उठाई थी। बता दें कि पंजाब में नशा की तस्करी चुनाव से पहले बड़ा मुद्दा बन रहा है।
रिपोर्टः चरणजीव कौशल
ये भी पढ़ेंः लुधियाना में दो गैंगस्टर पुलिस एनकाउंटर में ढेर, दोनों तरफ से 25 राउंड फायरिंग