1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. CM सैनी का बड़ा ऐलान- पंजाब में BJP आई तो नशा तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई

CM सैनी का बड़ा ऐलान- पंजाब में BJP आई तो नशा तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 16, 2026 11:35 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 11:35 pm IST

नायब सिंह सैनी ने कहा कि अगर आगामी विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में बीजेपी की सरकार बनती है, तो मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें राज्य से बाहर किया जाएगा।

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी- India TV Hindi
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी Image Source : PTI

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनती है, तो सभी मादक पदार्थ तस्करों को पंजाब से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता में आने पर राज्य में ईमानदार और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करेगी।

नशे की समस्या पर जताई चिंता

रामपुरा (अमृतसर) में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नायब सिंह सैनी ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे की लत आज समाज के सामने बड़ी चुनौती बन चुकी है। नशा न केवल युवाओं के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे पूरे परिवार के सपने भी प्रभावित होते हैं।

सैनी ने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें राज्य से बाहर किया जाएगा। साथ ही, नशे की लत में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए भी बड़े स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।

'आप' सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया। सैनी ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की जनता से ईमानदार शासन देने का वादा किया था, लेकिन मौजूदा सरकार उन वादों पर खरी नहीं उतरी।

सैनी ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पिछली कांग्रेस सरकार से भी अधिक भ्रष्ट साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी पंजाब में सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देगी। बीते दिनों अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी पंजाब में नशे की समस्या से खफा था।

पंजाब में विधानसभा चुनाव कब?

बता दें कि पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होना है। सामान्य तौर पर चुनाव फरवरी 2027 के आस-पास होने की उम्मीद है, लेकिन चुनाव आयोग ने अभी मतदान की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। वहीं,पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी के बजाय इसी साल नवंबर में कराए जाने की भी चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर चर्चा तब शुरू हुई जब AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा में आयोजित एक रोडशो के दौरान चुनाव जल्द होने की संभावना जताई।

ये भी पढ़ें-

CM विजय की मां पर 'अपमानजनक' टिप्पणी करना पड़ा भारी, तमिलनाडु BJP चीफ के खिलाफ DGP से शिकायत

UGC-NET के तीन पेपर की फिर होगी परीक्षा, NTA ने जारी की नई तारीख और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।