चंडीगढ़ः 6,000 करोड़ रुपये के ड्रग मामले की जांच कर रही पंजाब पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को 5 अक्टूबर को पेश होने के लिए समन भेजा है। पुलिस ने बताया कि SIT ने इसी तारीख को पंजाब पुलिस के बर्खास्त सिपाही जगदीश भोला को भी समन भेजा है। SIT इस करोड़ों रुपये के ड्रग रैकेट मामले में पहली बार मजीठिया और भोला से आमने-सामने पूछताछ कर सकती है।
पूछताछ में लिया था मजीठिया का नाम
भोला को पंजाब पुलिस ने नवंबर 2013 में ड्रग रैकेट के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। 2014 में, भोला ने ड्रग रैकेट में मजीठिया का नाम लिया था, जिस आरोप का वरिष्ठ अकाली नेता ने पुरजोर खंडन किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत इस मामले की जांच की थी। ED के अधिकारियों ने 2014 में इस मामले के सिलसिले में मजीठिया से पूछताछ की थी। जब वह तत्कालीन अकाली सरकार में मंत्री थे।
जमानत पर हैं बाहर
मजीठिया के खिलाफ 20 दिसंबर 2021 को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की एंटी-ड्रग स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की 2018 की रिपोर्ट के आधार पर की गई थी।
STF की रिपोर्ट 2013 के करोड़ों रुपये के ड्रग रैकेट मामले के कुछ आरोपियों, जिनमें जगजीत सिंह चहल, जगदीश सिंह भोला और मनिंदर सिंह औलख शामिल थे। मजीठिया ने पटियाला जेल में पांच महीने से अधिक समय बिताया और पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा इस मामले में जमानत दिए जाने के बाद अगस्त 2022 में जेल से बाहर आए। इससे पहले अभी हाल में पुलिस ने फिरोजपुर में काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलदेव सिंह को 3.35 किलो हेरोइन, छह पिस्तौल और छह मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया था।
मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
वहीं, पुलिस ने अमृतसर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले तीन गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन किलोग्राम से अधिक हेरोइन भी बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने 13 पिस्तौल और 22 कारतूस भी बरामद किए हैं।
इनपुट- पीटीआई
ये भी पढ़ेंः पंजाब में नशे की लत ने ली 22 साल के युवक की जान, गुर्दे भी हुए फेल, परिवार ने कर्ज लेकर भेजा था नशा मुक्ति केंद्र