पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलदेव सिंह को 3.35 किलो हेरोइन, छह पिस्तौल और छह मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि ड्रग तस्करी से निपटने वाली यूनिट में तैनात अधिकारी पर ही भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियार रखने का आरोप लगा है।
खुफिया जानकारी के आधार पर रंगेहाथ गिरफ्तार
फिरोजपुर के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) भूपिंदर सिंह सिद्धू के अनुसार, सिंह को शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक, इंस्पेक्टर को फिरोजपुर-मोगा रोड पर फिरोजशाह टोल प्लाजा के पास रोका गया। गिरफ्तारी के समय वह एक प्राइवेट कार में यात्रा कर रहे थे और सादे कपड़ों में थे। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनके पास से 3.35 किलो हेरोइन, छह पिस्तौल और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कई संगीन धाराओं में केस दर्ज
बलदेव सिंह के खिलाफ घल्ल खुर्द पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। ड्रग्स और हथियारों के मामले में एक कार्यरत पुलिस इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी ने संगठित ड्रग नेटवर्क में कानून लागू करने वाले अधिकारियों की संभावित संलिप्तता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, ड्रग्स का असली स्रोत, उसे कहां पहुँचाया जाना था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है, इसका पता जांच के दौरान चलेगा।
हेरोइन और कई अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने उसके कब्जे से 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन, 6 पिस्तौल, 4 मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस, एक ऑडी-20 कार (PB-05-AC-6517) और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को थाना घल्ल खुर्द के एसएचओ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काउंटर इंटेलिजेंस (फरीदकोट यूनिट) में तैनात इंस्पेक्टर बलदेव सिंह अपनी ऑडी-20 कार में नशीले पदार्थ और नाजायज हथियार लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को रोककर बलदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस ने फरीदकोट में नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से 47.3 KG हेरोइन और 3 पिस्तौल बरामद हुआ था।
ये भी पढ़ेंः ‘DDR की कॉपी के लिए मुझसे रिश्वत मांगी गई’, पुलिस थाने में ही शख्स ने खा लिया जहर