पंजाब की फरीदकोट पुलिस और CIA स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से चल रहे ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। साथ ही 3 पिस्तौल, 3 मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी और हुंडई ऑरा दो गाड़ियां भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
अरेस्ट किए गए फिरोजपुर के रहने वाले 4 लोग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश निवासी घुबाया, फिरोजपुर, मंगल सिंह निवासी पंजे के उत्तर, फिरोजपुर, सचिन उर्फ संजू निवासी प्रभात सिंह वाला, फिरोजपुर और अनमोल सिंह निवासी लामोचड़ खुर्द, फिरोजपुर के रूप में हुई है।
हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हैं आरोपी
फरीदकोट के SSP गुरबंस सिंह बैन्स ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राज्य में सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
एक ही कार में सवार थे चारों आरोपी
SSP ने बताया कि बाबा फरीद आगमन पर्व के मद्देनजर की जा रही विशेष नाकाबंदी के दौरान शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि CIA फरीदकोट की टीम ने एक होंडा सिटी कार को रोककर उसमें सवार चारों व्यक्तियों को काबू किया। तलाशी के दौरान, उनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ।
सीमावर्ती इलाकों में सीमा पार से ड्रोन से गिराई जा रही हेरोइन
जांच के दौरान, यह भी सामने आया कि यह गिरोह फाजिल्का और फिरोजपुर के सीमावर्ती इलाकों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली हेरोइन और हथियारों की खेप प्राप्त करता था, जिसके बाद इन्हें राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आगे सप्लाई किया जाता था। इस मामले में FIR नंबर 187, दिनांक 20 सितंबर 2026, धारा 21(c) NDPS एक्ट तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) और 25(7) के तहत थाना सादिक, जिला फरीदकोट में मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले, अमृतसर में नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई थी। पुलिस ने करीब 43 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी और 2 लोगों को गिरफ्तार किया था।
(इनपुट- जगतार दोसांझ)
ये भी पढ़ें- अमृतसर पुलिस ने 6 पिस्तौल 1 किलो हेरोइन के साथ 5 युवकों को पकड़ा, पाकिस्तानी स्मगलरों से थे आरोपियों के संबंध