1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने पकड़ी करीब 43 किलो हेरोइन, 2 गिरफ्तार

पंजाब में नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने पकड़ी करीब 43 किलो हेरोइन, 2 गिरफ्तार

 Published : Jan 29, 2026 11:51 am IST,  Updated : Jan 29, 2026 11:54 am IST

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 42.983 किलो हेरोइन, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

Punjab drug bust, Amritsar heroin seizure, Punjab Police action- India TV Hindi
पंजाब पुलिस ने नशीले पदार्थों और हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी है। Image Source : ANI

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में नशीली दवाओं और हथियारों की एक बड़ी खेप को पकड़कर नशे के सौदागरों को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने 42.983 किलोग्राम हेरोइन के साथ बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है और 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के DGP गौरव यादव ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 'पिंडा दे पहरेदार' (विलेज डिफेंस कमिटी-VDC) की मदद से यह बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 42.983 किलोग्राम हेरोइन, 4 हैंड ग्रेनेड, एक स्टार मार्क पिस्टल, 46 लाइव .30 बोर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

'फरार आरोपियों की तलाश जारी'

DGP गौरव यादव ने लिखा, 'अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 'पिंडा दे पहरेदार' की मदद से नशीले पदार्थो की एक बड़ी खेप को पकड़ा और 42.983 किलोग्राम हेरोइन, 4 हैंड ग्रेनेड, एक स्टार मार्क पिस्टल, 46 लाइव .30 बोर कारतूस और एक  मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद की जांच में 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, दोनों अमृतसर के निवासी हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, इस बात की भी जांच की जा रही है कि उनके पास ये सारी चीजें कहां से पहुंची और बड़े षड्यंत्र को उजागर किया जा रहा है।'

तस्करी के खिलाफ लगातार सख्ती

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है। बता दें कि इससे पहले 25 जनवरी को स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC), एसएएस नगर (मोहाली) ने एक बड़े क्रॉस-बॉर्डर नारको-टेरर नेटवर्क के मुख्य लिंक को पकड़ा था। SSOC ने इस मामले में सतनाम सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। DGP गौरव यादव ने उस समय X पर पोस्ट में बताया था, 'खुफिया जानकारी के आधार पर राज्य स्पेशल ऑपरेशंस सेल, एसएएस नगर ने एक अंतर-राज्यीय और क्रॉस-बॉर्डर नारको-टेरर मॉड्यूल के मुख्य वित्तीय लिंक को पकड़ा है।'

कमाई को यूं ठिकाने लगाते थे आरोपी

DGP ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, 'आरोपी सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी ने पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्कर के निर्देश पर अपनी बैंक खाते और UPI क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल हेरोइन तस्करी की कमाई को ठिकाने लगाने के लिए किया, जिससे आतंकवाद को फंडिंग मिलती थी। यह नेटवर्क बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामदगी, अवैध हथियार तस्करी और नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा में हुए ग्रेनेड हमले से जुड़ा हुआ है।' DGP ने जोर देकर कहा कि पंजाब पुलिस नारको-टेरर नेटवर्क को खत्म करने के लिए उनकी आर्थिक और लॉजिस्टिक जड़ों पर हमला कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।