1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. ‘DDR की कॉपी के लिए मुझसे रिश्वत मांगी गई’, पुलिस थाने में ही शख्स ने खा लिया जहर

‘DDR की कॉपी के लिए मुझसे रिश्वत मांगी गई’, पुलिस थाने में ही शख्स ने खा लिया जहर

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 25, 2026 07:58 am IST,  Updated : Sep 25, 2026 08:13 am IST

पंजाब के बरनाला में DDR की कॉपी को लेकर एक युवक ने पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया और थाने में जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने आरोपों से अलग घटनाक्रम बताते हुए कहा कि DDR पहले ही दर्ज की जा चुकी थी।

Barnala Police, DDR Copy Bribe, Punjab Police Bribery- India TV Hindi
बरनाला में शख्स ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया। Image Source : INDIA TV

Highlights

  • बरनाला पुलिस स्टेशन में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की।
  • युवक ने DDR की कॉपी देने के बदले पुलिसकर्मी पर पैसे मांगने का आरोप लगाया।
  • पंजाब में हाल के दिनों में आत्महत्या की कोशिश और मौत के 2 मामले सामने आए।

चंडीगढ़: पंजाब के बरनाला जिले में एक युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने के भीतर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक का आरोप है कि उसकी आग से क्षतिग्रस्त कार के मामले में डेली डायरी रिपोर्ट यानी कि DDR की कॉपी देने के लिए एक पुलिसकर्मी उससे पैसे मांग रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना धनोला पुलिस स्टेशन की है। जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

17 दिन पहले कार में लगी थी आग

युवक की पहचान बरनाला जिले के भठलां गांव निवासी जॉबनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में जॉबनप्रीत ने कथित रूप से बताया कि करीब 17 दिन पहले उसकी कार में आग लग गई थी। उसने बताया कि कार के नुकसान का बीमा क्लेम लेने के लिए उसे पुलिस से DDR की कॉपी की जरूरत थी। जॉबनप्रीत ने बताया कि इसके लिए वह कई बार पुलिस स्टेशन गया।

पुलिसकर्मी पर पैसे मांगने का आरोप

जॉबनप्रीत ने आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन में तैनात एक अधिकारी ने DDR की कॉपी देने के बदले उससे रिश्वत मांगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ने उस पर ही कार में जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगा दिया। जॉबनप्रीत ने अपनी शिकायत में संगरूर के बलियां गांव में चल रहे जमीन विवाद का भी जिक्र किया। उसने इस मामले में एक पटवारी का नाम लेते हुए उसके खिलाफ भी आरोप लगाए।

'हमने उसी दिन DDR दर्ज कर दी थी'

वहीं, पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जॉबनप्रीत जमीन विवाद के कारण तनाव और अवसाद में था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जॉबनप्रीत बुधवार को पुलिस स्टेशन आया था। पुलिस ने उसी दिन उसकी क्षतिग्रस्त कार से संबंधित DDR दर्ज कर दी थी और उसे उसकी कॉपी अगले दिन लेने के लिए कहा गया था। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह जॉबनप्रीत DDR की कॉपी लेने धनोला पुलिस स्टेशन पहुंचा।

'वीडियो कॉन्फ्रेंस में व्यस्त थे SHO'

पुलिस ने कहा कि जब जॉबनप्रीत थाने पहुंचा उस समय SHO वीडियो कॉन्फ्रेंस में व्यस्त थे और उन्होंने जॉबनप्रीत को इंतजार करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इसके बाद जॉबनप्रीत ने पुलिस स्टेशन के अंदर ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: तीन साल से फरार बर्खास्त AIG राज जीत सिंह पटियाला से गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क से जुड़े मामले में कार्रवाई

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।