1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बेंगलुरु में 13 साल के मासूम को किडनैप किया, वीडियो बनाया फिर मार डाला... पड़ोसी ने एजुकेशन लोन चुकाने के लिए रची साजिश; एक्सीडेंट ने खोला राज

बेंगलुरु में 13 साल के मासूम को किडनैप किया, वीडियो बनाया फिर मार डाला... पड़ोसी ने एजुकेशन लोन चुकाने के लिए रची साजिश; एक्सीडेंट ने खोला राज

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 18, 2026 04:58 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 05:00 pm IST

बेंगलुरु में एक 13 साल के बच्चे की उसी के 28 साल के पड़ोसी ने अपहरण कर हत्या कर दी। बाद में लड़के का शव कार की डिक्की में मिला। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तभी उसकी कार बिजली के खंभे और वहां खड़ी दो गाड़ियों से टकरा गई।

मृतक बच्चे की फाइल...- India TV Hindi
मृतक बच्चे की फाइल फोटो, दूसरी तस्वीर आरोपी भास्कर रेड्डी की है। Image Source : REPORTER INPUT

बेंगलुरु के बाहरी इलाके बागुलूरु में एक सीरियल एक्सीडेंट से शुरू हुआ किस्सा किडनैप और मर्डर तक जा पहुंचा। बुधवार रात को बल्लारी रोड के पास सर्विस रोड की दीवारों से टकराने के बाद एक किआ कार कुछ गाड़ियों से टकरा गई और रुक गई। वहां मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया और ड्राइवर से लापरवाही से गाड़ी चलाने के बारे में पूछा। तब तक, पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि कार मालिक 28 वर्षीय भास्कर रेड्डी उलटे-सीधे बयान दे रहा था और जवाब देने में लड़खड़ा रहा था।

गड़बड़ का शक होने पर पुलिस ने कार की जांच की और डिक्की में एक 13 साल के लड़के का शव देखकर चौंक गए। भास्कर रेड्डी ने कबूल किया कि उसने अपने पड़ोसी पीड़ित लड़के-प्रज्वल को बुरी तरह पीटा था। भास्कर रेड्डी और प्रज्वल पड़ोसी थे और एक दूसरे को जानते थे।

कार चलाने का लालच देकर किया किडनैप

पुलिस के मुताबिक 13 साल के प्रज्वल को कार चलाने का शौक था और इसी बात का लालच देकर भास्कर रेड्डी ने बुधवार 16 सितंबर की रात को प्रज्वल को अपनी किआ कार में बिठा लिया। इसके बाद वह प्रज्वल को एक सुनसान जगह पर ले गया। कार में भास्कर रेड्डी का एक दोस्त भी था जिसकी पहचान होना अभी बाकी है।

डंडे और सीमेंट ब्लॉक से किया हमला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रज्वल को सुनसान जगह ले जाने के बाद आरोपी भास्कर रेड्डी ने प्रज्वल के माता-पिता से फिरौती मांगी। इस बीच, जब प्रज्वल ने विरोध किया और भागने की कोशिश की तो रेड्डी ने उसके सिर पर पहले डंडे और फिर सीमेंट ब्लॉक से हमला किया। हमले में घायल होते ही प्रज्वल की मौत हो गई। 

मृतक बच्चे की फाइल फोटो।
Image Source : REPORTER INPUTमृतक बच्चे की फाइल फोटो।

लंदन से मास्टर डिग्री पूरी करके लौटा था भास्कर

बताया जा रहा है कि भास्कर ने अपना एजुकेशन लोन चुकाने के लिए फिरौती हासिल करने के चलते बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार भास्कर रेड्डी कुछ महीनों पहले लंदन से अपनी मास्टर डिग्री पूरी करके लौटा था और उसने व्हाइट फील्ड स्थित एक प्राइवेट कंपनी के फाइनेंस डिपार्टमेंट में काम करना शुरू किया था।

हत्या का खुलासा कैसे हुआ?

प्रज्वल की हत्या के बाद भास्कर रेड्डी पैनिक हो गया और शव को ठिकाने लगाने के मकसद से हैदराबाद हाईवे की तरफ जाने लगा। इसी दौरान उसकी गाड़ी पहले एक पोल से टकराई फिर एक अपार्टमेंट के बाहर खड़ी 2 गाड़ियों से टकराकर रुक गई। लोगों ने उसे घेर लिया और जब पुलिस पहुंची तो प्रज्वल की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने प्रज्वल का वीडियो भी बनाया जिसमें वह अपने पिता से फिरौती देने की गुहार लगा रहा था और कह रहा था कि फिरौती नहीं दी तो किडनैपर उसे मार डालेंगे। दोनों ने अगले दिन यह वीडियो लड़के के परिवार को भेजने का प्लान बनाया था। 

प्री-प्लान्ड था मर्डर

शुरुआती जांच के मुताबिक हत्या सुनियोजित थी। भास्कर को डर था कि प्रज्वल को छोड़ दिया तो उसके माता-पिता उसे पहचान लेंगे। पुलिस ने बताया कि भास्कर का प्लान था कि प्रज्वल को किडनैप किया जाए, वीडियो बनाया जाए, उसकी हत्या की जाए और फिर फिरौती मांगी जाए। फिलहाल पुलिस ने अपहरण और हत्या से संबंधित बीएनएस धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।

इससे एक दिन पहले बेंगलुरु में पति ने पत्नी पर फ्लोर क्लीनर फेंका और फिर धारदार हथियार से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए

यह भी पढ़ें-

हैवानियत भरी हत्या! मजदूर की दोनों आंखें फोड़ दीं... पत्नी और 2 मासूम बच्चे कहां गायब हो गए?

ग्राम पंचायत दफ्तर के अंदर ही पूर्व सैनिक और उसकी बेटी की बेरहमी से हत्या, कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।