यूपी के मथुरा में दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने मां-बेटी की जान जोखिम में डाल दी। आरोप है कि तीन युवकों ने मां-बेटी को कार के बोनट पर बैठाकर काफी दूर तक गाड़ी दौड़ा दी। इस दौरान दोनों की जान पर बन आई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पैसों के विवाद में हुआ झगड़ा, बोनट पर बैठीं मां-बेटी
मामला मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीगांव का है। जानकारी के मुताबिक, घटना 2 नवंबर की रात की है। बताया जा रहा है कि रुपयों के लेन-देन को लेकर पवन और प्रेम के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद कार सवार प्रेम, पुनीत और एक अन्य युवक ने कथित तौर पर मां-बेटी को कार के बोनट पर बैठा लिया और गाड़ी दौड़ा दी।
आरोप है कि कार सवार युवक मां-बेटी को काफी दूर तक लेकर गए और मांट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास उन्हें छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान मां-बेटी की जान खतरे में बनी रही।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस सनसनीखेज घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और पानीगांव चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मां-बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों के बीच पहले भी हो चुका है विवाद
मामले में सीओ सदर ने बताया कि दोनों पक्ष एक साथ ही रहते हैं। उनके बीच पहले भी मारपीट का विवाद हो चुका है और दोनों पक्षों के लोग 307 के मुकदमे में वृंदावन से जेल जा चुके हैं। सीओ के मुताबिक, इस बार भी दोनों पक्षों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। मां और बेटी कार को रोकने के लिए उसके बोनट पर बैठ गई थीं। वहीं, मारपीट के डर से कार चालक गाड़ी लेकर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बोनट पर पत्नी को डालकर दौड़ाई कार, 'भैया बचाओ' की लगाती रही गुहार
इससे पहले हाल ही में मेरठ में थाना लोहियानगर इलाके में पति-पत्नी के आपसी विवाद का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया था। यहां एक कार चालक अपनी पत्नी को बोनट पर लटकाकर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाता रहा। इस दौरान महिला जान बचाने के लिए सड़क पर गुजर रहें राहगीरों से लगातार “भैया बचाओ” की गुहार लगाती रही।
(रिपोर्ट- विपिन सारस्वत)
यह भी पढ़ें-
कार पर चले ईंट-पत्थर, चालक ने बोनट पर युवक को 500 मीटर तक घसीटा; VIDEO में कैद हुई घटना
नोएडा के सेक्टर 18 में कार चालक का कहर, युवक को बोनट पर लटकाकर दौड़ाई कार; VIDEO वायरल