1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिलजीत के कॉन्सर्ट से दिल्ली में जाम का अलर्ट, पार्किंग भी नहीं मिलेगी; 30 अक्टूबर को घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

दिलजीत के कॉन्सर्ट से दिल्ली में जाम का अलर्ट, पार्किंग भी नहीं मिलेगी; 30 अक्टूबर को घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में दिलजीत का कॉन्सर्ट है, जिसके चलते दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक 11 बड़ी सड़कों पर ट्रैफिक बैन रहेगा और पब्लिक पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।

दिलजीत के शो के चलते...- India TV Hindi
Image Source : PTI दिलजीत के शो के चलते दिल्ली में रूट डायवर्जन।

दिल्ली में मशहूर गायक और एक्टर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। 30 अक्टूबर को दक्षिण दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट के मद्देनजर आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें।

बता दें कि इससे पहले सिक्योरिटी कारणों के चलते दिलजीत दोसांझ के शो को इजाजत नहीं मिली थी। दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला उपायुक्त कार्यालय ने आयोजकों को पत्र लिखकर अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक रहेगी पाबंदी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से आधी रात तक यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इस दौरान स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

इन रास्तों पर पड़ सकता है असर-

  • ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर और लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर के बीच लाला लाजपत राय मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा आर्च बिशप मार्ग, फोर्थ एवेन्यू रोड और फिफ्थ एवेन्यू रोड पर भी प्रतिबंध या डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
  • सीजीओ कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों, स्टेडियम के आसपास के मार्गों तथा दयाल सिंह कॉलेज रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 के बीच बारापुला फ्लाईओवर का एक हिस्सा भी प्रभावित रहने की संभावना है।

दिल्ली मेट्रो से सफर करने की सलाह

कार्यक्रम के दौरान संभावित जाम से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। खास तौर पर दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने की अपील की गई है, ताकि स्टेडियम के आसपास वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

आम लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं

पुलिस के मुताबिक, आम जनता के लिए कार्यक्रम स्थल पर या उसके आसपास पार्किंग की व्यवस्था नहीं होगी। हालांकि, विशेष आमंत्रित अतिथियों के लिए सुनहरी पुला बस डिपो और दयाल सिंह कॉलेज के पार्किंग क्षेत्र में सीमित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन संकेतों का पालन करें, यातायात नियमों का ध्यान रखें और कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें। कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों को भी समय से निकलने और यात्रा से पहले ट्रैफिक संबंधी निर्देशों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

बता दें कि दिलजीत दोसांझ का यह कार्यक्रम उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से तैयारी की है।

यह भी पढ़ें-

1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली पर दिल्ली पुलिस की सख्त शर्तें, देखें लिस्ट, 5 बजे तक खत्म करना होगा कार्यक्रम

दिल्ली में फेस्टिव सीजन के बीच बड़ा कांड, दिनदहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, जांच में जुटी पुलिस