Published : Jun 01, 2023 11:29 pm IST,
Updated : Jun 02, 2023 06:21 am IST
भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय को स्टेज पर कार्यक्रम के दौरान गोली लग गई है। यह घटना एक निजी कार्यक्रम के दौरान हुई।
Image Source : INSTAGRAMNisha Upadhyay
नई दिल्ली: बिहार के छपरा में एक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह घटना एक निजी कार्यक्रम के दौरान उस समय हुई, जब निशा जिले के जनता बाजार थाना अंतर्गत सेंधुआर गांव में मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं। निशा को पटना के मैक्स अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर है। उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
पैर में लगी गोली
निशा उपाध्याय को वीरेंद्र सिंह ने सेंधुआर गांव में बुलाया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हवा में फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें से एक गोली निशा के पैर में जा लगी। घटना के बाद घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई और जश्न में शामिल लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने क्या कहा
जनता बाजार पुलिस स्टेशन के एसएचओ नसीरुद्दीन खान ने कहा, "कार्यक्रम में फायरिंग की सूचना मिलते ही हम वहां पहुंच गए। भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय के पैर में गोली लगी है। हम आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। औपचारिक शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।"
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब हर्ष फायरिंग के दौरान किसी इंसान को गोली लगी हो। आए दिन ऐसी खबरें सामने आती रहती है, इसे लेकर कड़े नियम कानून भी बनाए गए लेकिन इसके बाद भी लोग इंसानों की जान को दांव पर लगाकर हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आते।