मुंबई: कैटरीना कैफ और सिद्धार्थ मल्होत्रा के अभिनय से सजी फिल्म ‘बार बार देखो’ इन दिनों इन दिनों खूब चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की पूरी टीम इसके प्रमोशन में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। फिल्म लंबे वक्त से सुर्खियां बटोर रही है। इसका कारण यह भी माना जा सकता है कि इस फिल्म के गाने इसके ट्रेलर से पहले ही रिलीज कर दिए गए थे। इस फिल्म ने मार्केटिंग रणनीति के पुराने तरीकों को छोड़कर एक नया चलन शुरू किया है। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसके ट्रेलर से पहले जारी पोस्टर और गाने के लांच से लगाया जा सकता है।
इसे भी पढ़े:-
इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, 'बार-बार देखो' के निर्माता इस साल रिलीज हुई मराठी फिल्म 'सैराट' के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। 'सैराट' ने फिल्म के ट्रेलर से पहले गाने लांच किए। गानों का टीजर और फर्स्ट लुक जारी करने के बाद गाना जारी किया गया और फिर फिल्म का पूरा ट्रेलर।
इससे 'सैराट' को फायदा यह हुआ कि इसने लोगों को फिल्म से बांधे रखा और यह मराठी फिल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्म साबित हुई। फिल्म 'बार बार देखो' के निर्माताओं ने भी इसी तर्ज पर पहले गाना रिलीज किया। इसके अब तक के सारे गाने रिलीज हो गए हैं।
फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म को नित्या मेहरा ने निर्देशित किया है। धर्मा प्रोडक्शन और एक्सल एंटरटेनमेंट ने इसे निर्मित किया है।
इसके अलावा कैटरीना अपनी फिल्म 'जग्गा जासूस' को लेकर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस फिल्म में वह रणबीर कपूर के साथ दिखेंगी। जल्द ही वह इस फिल्म के लिए प्रमोशन भी शुरु करने वाली हैं।
Latest Bollywood News