1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई, पहले भी हो चुका है हमला

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई, पहले भी हो चुका है हमला

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिशा पाटनी के घर पर पहले हमला हो चुका है, जिसमें करीब 10 राउंड फायरिंग हुई थी।

Disha Patani- India TV Hindi
Image Source : PTI दिशा पाटनी

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिशा पाटनी का परिवार अभी बरेली में रहता है। दरअसल, मुंबई के जुहू इलाके में रविवार देर शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। तीन आरोपियों ने फायरिंग की थी, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे, लेकिन उनके ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हो गए।

पहले भी दिशा पाटनी के घर पर हमला हो चुका है। हमले के बाद हमलावरों का एनकाउंटर हुआ था। 12 सितंबर 2025 को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर करीब 10 राउंड फायरिंग की थी। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 17 सितंबर 2025 को गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF), हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में रवींद्र और अरुण नाम के दो संदिग्ध मारे गए थे।

तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

बता दें कि टाइगर श्रॉफ पर हमले मामले में मुंबई पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। तीनों को सोमवार सुबह पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली है। अब उन्हें आगे की पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस ने करीब 15 मिनट तक चले अभियान के बाद ट्रेन से तीनों को पकड़ा। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन में सवार हुए थे और नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।

जुहू में अभिनेता की कार पर चलीं गोलियां

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। हमलावरों ने कार पर बेहद नजदीक से पांच से छह गोलियां चलाईं। इस दौरान अभिनेता बाल-बाल बच गए, हालांकि उनका ड्राइवर और मौके पर मौजूद एक राहगीर घायल हो गया।

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी इलाके से बरामद की गई। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है।

ये भी पढ़ें-

टाइगर पर गोली चलाते वक्त जिस शूटर की बंदूक जाम हो गई, उसकी पहचान आई सामने, कोटा पहुंचने का पूरा रूट भी पता लगा

टाइगर श्रॉफ के फैंस पर भड़के विद्युत जामवाल, एक्टर को दी खास सलाह, बोले- किसी को तो पकड़ना चाहिए था

Latest Bollywood News