1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. टाइगर श्रॉफ के फैंस पर भड़के विद्युत जामवाल, एक्टर को दी खास सलाह, बोले- किसी को तो पकड़ना चाहिए था

टाइगर श्रॉफ के फैंस पर भड़के विद्युत जामवाल, एक्टर को दी खास सलाह, बोले- किसी को तो पकड़ना चाहिए था

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 19, 2026 08:55 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 08:55 pm IST

विद्युत जामवाल ने टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, उन्हें सबसे बहादुर इंसान बताया। विद्युत ने सवाल किया कि टाइगर श्रॉफ के फैंस ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश क्यों नहीं की।

Tiger Shroff- India TV Hindi
टाइगर श्रॉफ और विद्युत जामवाल। Image Source : INSTAGRAM/@TIGERJACKIESHROFF,MEVIDYUTJAMMWAL

विद्युत जामवाल ने टाइगर श्रॉफ को अपनी जान-पहचान में सबसे निडर इंसान बताया है। मुंबई में टाइगर की कार पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद एक्टर विद्युत ने जैकी श्रॉफ के बेटे को 'बजरंग बाण' का पाठ करने की सलाह दी है। सोमवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में विद्युत ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के समय वहां मौजूद फैंस ने हमलावरों का पीछा क्यों नहीं किया। साथ ही उन्होंने मुंबई पुलिस से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि ऐसी घटना दोबारा न हो। रवि किशन और शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई हस्तियों ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है और सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल उठाए हैं।

टाइगर श्रॉफ के फैंस पर भड़के विद्युत जामवाल

वीडियो में टाइगर से बात करते हुए विद्युत ने कहा, 'मैं टाइगर श्रॉफ से कुछ कहना चाहता हूं। तुम सबसे निडर इंसान हो, जितने लोगों को मैं जानता हूं... उनमें तुम सबसे ज्यादा निडर हो।' इसके बाद 'स्ट्रीट फाइटर' एक्टर ने टाइगर के फैंस से बात की, खासकर उन लोगों से जो उन्हें फुटबॉल खेलते हुए देखते हैं और उनका उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा, 'जो लोग तुम्हें फुटबॉल खेलते हुए देखने जाते हैं, तुम्हारा हौसला बढ़ाते हैं और कहते हैं कि मैं तुम्हारा सबसे बड़ा फैन हूं तो उन सभी फैंस में से किसी न किसी को तो हमलावर का पीछा करना चाहिए था या उसे पकड़ लेना चाहिए था। मैं तुमसे प्यार करता हूं, मैं तुम्हारा सबसे बड़ा फैन हूं। आखिर इसका क्या मतलब है? हम तुम्हारे लिए इतना कुछ करते हैं तो तुम्हें भी कुछ करना चाहिए, यार।'

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर विद्युत का रिएक्शन

विद्युत ने मुंबई पुलिस से भी अपील की कि वे भविष्य में सुरक्षा में ऐसी चूक न होने दें। उन्होंने कहा, 'मैं मुंबई पुलिस से कहना चाहता हूं। आपने उन्हें सुरक्षा दी है, लेकिन ऐसी घटना दोबारा कभी नहीं होनी चाहिए। अगर सुरक्षा में इस तरह की चूक होती है तो इसके लिए आप ही जिम्मेदार होंगे।'

विद्युत जामवाल ने टाइगर श्रॉफ को क्या सलाह दी

अपनी बात खत्म करते हुए, विद्युत जामवाल ने 'बजरंग बाण' का जिक्र किया। विद्युत ने कहा, 'टाइगर मेरे दोस्त, हम दोनों को बजरंग बाण बहुत पसंद है। बस इसे सुनते रहो, जब भी मुझे बहुत अकेलापन महसूस होता है तो मैं बजरंग बाण सुनता हूं। मुझे पता है कि तुम भी इसे सुनते हो। आई लव यू, भाई।'

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी के दौरान क्या हुआ

यह हमला रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन के इलाके में हुआ। पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार टाइगर एक निजी कार्यक्रम से निकल रहे थे तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार पर गोलियां चला दीं। इससे पहले उन्होंने एक फुटबॉल मैच खेला था और वे घर लौट रहे थे। पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने पुष्टि की कि टाइगर को कोई गोली नहीं लगी है। गोलीबारी में उनके ड्राइवर घायल हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोट आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए थे। बताया जा रहा है कि उनमें से दो ने गोलियां चलाईं, जबकि तीसरा मोटरसाइकिल पर ही इंतजार कर रहा था। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। ऑनलाइन वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति कई राउंड गोलियां चलाता हुआ दिख रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हमले के बाद के फुटेज में टाइगर को अपनी ग्रे रंग की कार की ड्राइवर सीट की ओर जाते और फिर कार चलाकर वहां से निकलते हुए देखा जा सकता है।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले अब तक की अपडेट

सोमवार सुबह मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा सिटी पुलिस की एक संयुक्त टीम ने कोटा के रेलवे कॉलोनी इलाके से तीन लोगों को पकड़ा। इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। एक आरोपी नाबालिग था। हालांकि, बाद में पुलिस ने कहा आरोपी दोषी होता है। घटना के बाद एकनाथ शिंदे ने टाइगर से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने बताया कि एक्टर के दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं। उन्होंने इस गोलीबारी की घटना को एक गंभीर मामला बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को गैंगवार फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

ये भी पढ़ें - फायरिंग के बाद कैसी है टाइगर श्रॉफ की हालत? जैकी श्रॉफ की टीम ने दी हेल्थ अपडेट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।