दर्शक 4000 करोड़ में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगी, जिसमें वह शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं। एक्ट्रेस ने लंका के राजा रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभाकर सभी का दिल जीत लिया। 'रामायण' के ट्रेलर में उनका लुक लोगों को काफी पसंद आया। अब एक्ट्रेस ने नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म की रिलीज को लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की है और बताया कि इसके पहले कभी भी किसने भारतीय सिनेमा में ऐसा नहीं देखा होगा।
'रामायण' की रिलीज पर क्या बोलीं रकुल प्रीत?
दिल्ली में ANI ने रकुल प्रीत सिंह से बातचीत की और फिल्म 'रामायण' के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने नितेश तिवारी की आने वाली पौराणिक फिल्म 'रामायण' को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया। यह फिल्म दो भागों में बनी है। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत उत्साहित हूं और मुझे लगता है कि पूरी टीम भी उतनी ही एक्साइटेड है। यह कई सालों की मेहनत है और मुझे पूरी उम्मीद है कि लोगों को यह फिल्म पसंद आएगी। भारत में ऐसा प्रयास पहले कभी नहीं किया गया है और मुझे सच में उम्मीद है कि लोग इस फिल्म को बहुत पसंद करेंगे। भारतीय सिनेमा में पहले ऐसा नहीं हुआ होगा।'
4000 करोड़ में बनी रामायण कब होगी रिलीज
'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, रॉकिंग स्टार यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में, अरुण गोविल दशरथ के रूप में, लारा दत्ता कैकेयी के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' द्वारा निर्मित यह फिल्म दो भागों में बनी एक भव्य गाथा है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगा और दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा।
कितनी भाषा में देख सकते हैं 'रामायण'
यह फिल्म पूरे भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे IMAX में पेश किया जाएगा। भारत को छोड़कर बाकी दुनिया भर में सोनी पिक्चर्स इस फिल्म को डिस्ट्रीब्यूट कर रही है, जबकि हिंदी भाषी बाजार में इसे धर्मा प्रोडक्शंस डिस्ट्रीब्यूट करेगा। बता दें कि मेकर्स ने यह भी कन्फर्म कर दिया है कि दशहरा पर 'रामायण' की एडवांस बुकिंग शुरू हो जाएगी।
ये भी पढ़ें - रणबीर-साई और यश ही नहीं, 'रामायण' ट्रेलर में राजा दशरथ से शूर्पणखा तक हर किरदार ने छोड़ी छाप