नई दिल्ली: एक्टर टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग करने के आरोपी नाबालिग के पिता ने बताया है कि उनका बेटा लगभग दो महीने पहले घर से चला गया था। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह क्या कर रहा था या किन लोगों के साथ समय बिता रहा था। ANI से बातचीत में पिता ने बताया कि घर छोड़ने से पहले उनका बेटा टाइल लगाने का काम करता था। उन्होंने कहा कि उन्हें फायरिंग की घटना के बारे में तब पता चला, जब पुलिस का फोन आया।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले नाबालिग के पिता का बयान
पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं और 50 प्रतिशत दिव्यांग हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले के बारे में पता चलने के बाद से उन्होंने कुछ खाया-पिया भी नहीं है। अपने बेटे के घर छोड़ने के हालात को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'वह 13 और 14 तारीख को एक मेले में गया था और उसके बाद मुझे नहीं पता कि वह क्यों चला गया या कहां गया। असल में क्या हुआ, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।'
नाबालिग के पिता क्या करते हैं?
पिता ने आगे अपने बयान में कहा, 'मैं एक कम पढ़ा-लिखा इंसान हूं और सिर्फ चौथी कक्षा तक ही पढ़ाई की है। मैं दिहाड़ी मजदूरी करके अपना गुजारा करता हूं। मैं शारीरिक रूप से विकलांग भी हूं; मेरे विकलांगता प्रमाण पत्र के अनुसार मुझे 50 प्रतिशत विकलांगता है। अपने परिवार का पेट पालने के लिए मुझे जो भी काम मिल जाता है, मैं कर लेता हूं'
नाबालिग बेटे की करतूत का पिता ने किया खुलासा
पिता ने बताया कि उनके बेटे ने परिवार को यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है या क्या करने की योजना बना रहा है। उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी के एक पुराने मामले का भी जिक्र किया, जिसमें उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया था। उस पुराने मामले को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मोटरसाइकिल चोरी का एक मामला था। कुछ समय बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया... मैंने उससे इस बारे में पूछा और कहा कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था। इस चक्कर में मेरे पैसे भी खर्च हो गए, जो मुझे कभी वापस नहीं मिले और वह मामला कभी सुलझ ही नहीं पाया।'
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में 3 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू इलाके में उस समय फायरिंग हुई, जब टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे। आरोप है कि आरोपी ने अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं। कोटा सिटी पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार उन्हें ट्रेन में सफर करते समय पकड़ा गया। इस घटना में अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आईं। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5), तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है।
(Input - ANI)
ये भी पढ़ें - मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर 3 अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की, ड्राइवर समेत 2 लोग घायल