1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पति कुकू कोहली के निधन के बाद अरुणा ईरानी का पहला वीडियो, छलका दर्द, बोलीं- आखिरी सांस तक मेरा साथ देना

पति कुकू कोहली के निधन के बाद अरुणा ईरानी का पहला वीडियो, छलका दर्द, बोलीं- आखिरी सांस तक मेरा साथ देना

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 19, 2026 01:35 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 01:35 pm IST

पति कुकू कोहली के निधन के बाद अरुणा ईरानी ने पहला वीडियो साझा कर फैंस का शुक्रिया अदा किया। अभिनेत्री ने कहा कि उनके प्यार और समर्थन ने मुश्किल समय में दोबारा काम शुरू करने की हिम्मत दी।

aruna irani- India TV Hindi
अरुणा ईरानी। Image Source : ARUNA IRANI INSTAGRAM

दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में उनके पति और फिल्ममेकर कुकू कोहली का निधन हो गया था। पति को खोने के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपना पहला वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह भावुक नजर आईं और अपने प्रशंसकों का आभार जताया। अरुणा ईरानी ने बताया कि इस कठिन समय में फैंस से मिले प्यार और समर्थन ने उन्हें दोबारा काम पर लौटने की हिम्मत दी है। उनके इस संदेश से साफ है कि वह अपने चाहने वालों के साथ को अपनी ताकत मानती हैं।

पति के निधन के बाद अरुणा ईरानी ने शेयर किया पहला वीडियो

अरुणा ईरानी ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कुकू कोहली के निधन के बाद उनका साथ देने वाले लोगों को धन्यवाद कहा। अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें इस बात का यकीन नहीं हो रहा था कि मुश्किल वक्त में इतने लोग उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, 'कुकू जी के जाने के बाद आप सभी ने मुझे जो प्यार दिया और मेरा साथ दिया, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं। मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि मेरे कठिन समय में आप सब मेरे साथ रहेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि प्रशंसकों के प्यार और हौसले की वजह से ही वह आज फिर से लोगों के सामने आ सकी हैं और अपना काम शुरू कर पाई हैं। अभिनेत्री ने उम्मीद जताई कि उनके चाहने वाले जिंदगी के आखिरी पल तक इसी तरह उनका साथ निभाते रहेंगे। अरुणा के इस संदेश में पति को खोने का दर्द और अपने प्रशंसकों के प्रति गहरी कृतज्ञता दोनों नजर आए।

यहां देखें वीडियो

77 साल की उम्र में हुआ कुकू कोहली का निधन

फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन को फिल्म ‘फूल और कांटे’ के जरिए लॉन्च करने के लिए खास तौर पर याद किया जाता है। मिली जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें 24 अगस्त को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरुणा ईरानी के भाई बलराज ईरानी ने बताया था कि कुकू की तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्हें दिल का गंभीर दौरा पड़ा। उन्होंने कहा था कि कुकू उस समय परिवार के लोगों से बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक गिर पड़े। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन 25 अगस्त को शाम करीब पांच बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पति को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुई थीं अरुणा

कुकू कोहली का अंतिम संस्कार 26 अगस्त को दोपहर के समय किया गया था। इस दौरान अरुणा ईरानी काफी भावुक नजर आई थीं। परिवार के सदस्य और करीबी लोग उन्हें संभालते दिखाई दिए। पति के अंतिम संस्कार में ईरानी और कोहली परिवार के लोगों के अलावा फिल्म जगत की कई हस्तियां भी शामिल हुईं। विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, शाम कौशल और रोहित शेट्टी समेत कई बॉलीवुड सितारे कुकू कोहली को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान को याद करते हुए लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‘फूल और कांटे’ समेत कई फिल्मों से बनाई पहचान

कुकू कोहली ने अपने करियर में कई फिल्मों का निर्देशन किया। ‘फूल और कांटे’ के अलावा उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘सुहाग’, ‘हकीकत’, ‘कोहराम’ और ‘अनाड़ी नंबर 1’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई और कई कलाकारों के साथ काम किया। कुकू कोहली अपने पीछे पत्नी अरुणा ईरानी और पहली पत्नी रीटा कोहली से हुई दो बेटियों, पूजा और करिश्मा, को छोड़ गए हैं।

कई दशकों से दर्शकों के दिलों पर राज कर रही हैं अरुणा ईरानी

अरुणा ईरानी ने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। आगे चलकर उन्होंने फिल्मों में सहायक और नकारात्मक भूमिकाओं के जरिए अपनी खास पहचान बनाई। ‘कारवां’, ‘बॉबी’, ‘बेटा’, ‘राजा बाबू’ और ‘दिल तो पागल है’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में भी काम किया। ‘देस में निकला होगा चांद’ और ‘झांसी की रानी’ जैसे धारावाहिकों में भी वह नजर आईं। हिंदी के अलावा उन्होंने मराठी और गुजराती फिल्मों में भी काम किया है। कई दशकों के करियर में अरुणा ईरानी ने दर्शकों का प्यार हासिल किया है।

ये भी पढ़ें:  'बाहर से ऑपरेट कर रहे हमलावर', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान, महाराष्ट्र से बाहर चल रही प्लानिंग            

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।