1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Tiger Shroff Case Update: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस ने की पीसी, जानें क्या कहा

Tiger Shroff Case Update: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस ने की पीसी, जानें क्या कहा

 Written By: Jaya Dwivedie
 Updated : Oct 19, 2026 10:31 pm IST

मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की BMW पर सात गोलियां चलाई गईं। अभिनेता के हाथ पर बारूद से जलने के निशान आए। सोशल मीडिया पर गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

MUMBAI- India TV Hindi
मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रौशन ने टाइगर मामले पर की प्रेस कॉन्फ्रेंस Image Source : ANI/REPORTER INPUT

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच जारी है। रविवार शाम हुई इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, हालांकि उनके दाहिने हाथ पर बारूद से झुलसने के निशान आए हैं। हमलावरों ने उनकी BMW कार को निशाना बनाते हुए सात राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक को चोटें आईं। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

फुटबॉल मैच के बाद टाइगर की कार पर हमला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन लोगों ने उनकी कार पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इनमें से दो लोगों ने कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जबकि तीसरा आरोपी भागने में मदद करने के लिए बाइक पर मौजूद रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

एकनाथ शिंदे ने टाइगर से की मुलाकात

घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। इस हमले में टाइगर को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद के कारण उनके हाथ पर चोट आई। वहीं, उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक के घायल होने के बाद पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग ने किया दावा

इस मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब सोशल मीडिया पर गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से एक पोस्ट सामने आई। कथित तौर पर विदेश में मौजूद इन लोगों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस पोस्ट के दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस को जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान, संभावित साजिश और सोशल मीडिया पर किए गए दावों की सत्यता का पता लगाने में जुटी हैं। 

Latest Bollywood News

Tiger Shroff firing case

Auto Refresh
Refresh
  • 9:24 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर बढ़ाई गई सुरक्षा

    पुलिस ने दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। दिशा पाटनी का परिवार अभी बरेली में रहता है। इससे पहले भी उनके घर पर हमला हो चुका है, जिसके बाद हमलावरों का एनकाउंटर हुआ था।

  • 9:21 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद जैकी श्रॉफ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की

    एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद उनके पिता जैकी श्रॉफ ने आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। बोरीवली में बप्पी लाहिड़ी मार्ग के नामकरण कार्यक्रम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। गौरतलब है कि रविवार को टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना के बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे थे। वहीं, आज जैकी श्रॉफ की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात हुई।

  • 8:02 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की

    दोनों शूटर करीब 20 दिन पहले मुंबई आए थे। आरोपियों में से एक पहले से ही मुंबई में रह रहा था। आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी 12 वीं पास फूलसिंह नरेश, सोनीपत निवासी 9 वीं पास रेहान राशिद्दीन और मुंबई निवासी रैपिडो चालक ऋतिक के रूप में हुई। आरोपियों ने पिछले रविवार को उसी मैदान की रेकी की थी, जहां अभिनेता टाइगर श्रॉफ खेल रहे थे। सितंबर के दूसरे सप्ताह में 11 सितंबर को, उन्होंने एक मोटरसाइकिल खरीदी थी। तीनों आरोपियों में से ऋतिक बाइक चला रहा था, जबकि रेहान और फूलसिंह पर गोली चलाने का आरोप है। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की पूरी योजना बनाई थी। वे बाइक से अंधेरी स्टेशन पहुंचे, जहां से लोकल ट्रेन लेकर कांदिवली गए। कांदिवली पहुंचने के बाद उन्होंने कैब बुक की और सूरत गए। सूरत से उन्होंने कोटा जाने वाली ट्रेन पकड़ी, लेकिन कोटा जंक्शन पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। फूलसिंह के खिलाफ पहले भी एक  गाड़ी चोरी का मामला दर्ज है, जबकि रेहान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

  • 6:36 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    क्राइम ब्रांच ने बताई आरोपियों के भागने की पूरी कहानी

    टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मुंबई से कोटा पहुंचने का पूरा रूट सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से घटनास्थल से अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद तीनों ने अंधेरी से लोकल ट्रेन पकड़ी और बोरीवली रेलवे स्टेशन पहुंचे। बोरीवली पहुंचने के बाद एक आरोपी ने कैब बुक की और तीनों कैब के जरिए सूरत पहुंचे। सूरत पहुंचने के बाद आरोपियों ने आगे का सफर स्टेट ट्रांसपोर्ट बस से करने की योजना बनाई थी। हालांकि, जब उन्हें आगे का रास्ता समझ नहीं आया तो जल्दबाजी में वे सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से कोटा की तरफ जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। इस तरह, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने के बाद आरोपी बाइक, लोकल ट्रेन, कैब और फिर लंबी दूरी की ट्रेन से सफर करते हुए मुंबई से कोटा पहुंचे।

  • 6:34 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    आरोपियों का मुंबई से कोटा तक का रूट

    आरोपी ऋतिक, जो एक रैपिडो राइडर है, ने गोलीबारी में इस्तेमाल हुई बाइक 11 सितंबर को खरीदी थी। यह बाइक 2022 से अब तक चार मालिकों के हाथों में जा चुकी है, लेकिन उसकी बिक्री का आधिकारिक पंजीकरण नहीं कराया गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने के बाद तीनों आरोपी बाइक से घटनास्थल से अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से वे लोकल ट्रेन पकड़कर बोरीवली पहुंचे, जहां ऋतिक ने ऐप आधारित कैब बुक की और तीनों कैब के जरिए सूरत पहुंचे। सूरत पहुंचने के बाद आरोपियों ने आगे स्टेट ट्रांसपोर्ट बस से सफर करने की योजना बनाई, लेकिन रास्ता समझ न आने पर वे जल्दबाजी में सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से कोटा जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। इस तरह आरोपी बाइक, लोकल ट्रेन, कैब और लंबी दूरी की ट्रेन के जरिए मुंबई से कोटा पहुंचे। गोली चलाने वालों में फूल सिंह शामिल है, जिसकी बंदूक ने घटना के दौरान काम करना बंद कर दिया था। मुंबई पुलिस के मुताबिक, फूल सिंह नाबालिग नहीं है। दूसरे शूटर का नाम रेहान है, जिसे टोपी पहने हुए देखा जा सकता है।

  • 6:11 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    मुंबई पुलिस ने कहा, 'टाइगर श्रॉफ की तरफ से पहले कोई शिकायत नहीं मिली'

    तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उनके पास से कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपी करीब 15 मिनट तक मौके पर मौजूद रहे। मुंबई पुलिस ने रिकॉर्ड पर कहा है कि टाइगर श्रॉफ की तरफ से इससे पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी।

  • 6:02 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच का कहना है, कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं है।

    क्राइम ब्रांच डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि शुरुआत में मराठी में ब्रीफिंग हो रही है। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों का रूट मैप बताया है, जबकि एंटी एक्सटॉर्शन सेल भी मामले की जांच कर रही है। अभी तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच प्राथमिक स्तर पर चल रही है। बिश्नोई गैंग के पोस्ट को लेकर पुलिस ने कहा कि उनका वेरिफिकेशन अभी बाकी है और मामले का मोटिव भी साफ होना बाकी है। मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच डीसीपी राज तिलक रौशन और क्राइम ब्रांच डीसीपी नवनाथ ढवले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं।

  • 5:56 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू

    मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के DCP राज तिलक रोशन और DCP नवनाथ धवले, बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।

  • 5:09 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    आरोपी कर रहे थे टाइगर श्रॉफ की रेकी

    मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने से पहले उनके घर की कई बार रेकी की थी। आरोपी दो-दो के ग्रुप में जाकर रेकी करते थे, ताकि किसी को शक न हो। अधिकारी ने बताया कि टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में आरोपी उनके घर के बाहर घूमते नजर आए। पुलिस पुराने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि आरोपी कितनी बार टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर रेकी करने पहुंचे थे। इसके अलावा, टाइगर श्रॉफ जिस फुटबॉल ग्राउंड गए थे, वहां की भी आरोपियों ने रेकी की थी। मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले रविवार को भी आरोपियों ने उस फुटबॉल ग्राउंड की रेकी की थी, जहां टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने गए थे।

  • 4:40 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर अमोल पाराशर का रिएक्शन

    अभिनेता अमोल पाराशर कहते हैं, 'यह बहुत डरावनी स्थिति है, जिसने भी कानून तोड़ा है और गलत काम किया है, उसे पकड़ा जाना चाहिए और सजा मिलनी चाहिए। अपराध कम करने का तरीका यही है कि अपराधियों को पकड़ा जाए और उन्हें सजा दी जाए। अगर उन्हें सजा नहीं मिलती है, तो इससे दूसरों को भी गलत काम करने का बढ़ावा मिलेगा।'

  • 4:37 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    टाइगर श्रॉफ के लिए रामगोपाल वर्मा ने जताई चिंता

    @iTIGERSHROFF के साथ जो हुआ, वह पहले कभी नहीं देखा गया है... रंगदारी, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग या आपसी हिसाब-किताब के लिए हत्या करने के बजाय, ऐसा लगता है कि अब लोग सिर्फ अपनी शान और घमंड के लिए हत्या करना चाहते हैं।

  • 3:44 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग पर क्या बोले रवि दुबे

    टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर अभिनेता रवि दुबे कहते हैं, 'यह सुरक्षा में एक बड़ी चूक है। मेरी अभी तक टाइगर से बात नहीं हुई है। अच्छी बात यह है कि टाइगर पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे। मेरी कामना है कि जिन्होंने भी यह हरकत की है, उन्हें तुरंत पकड़ लिया जाए। इससे सभी को थोड़ी राहत मिलेगी।'

  • 3:22 PM (IST)
    Posted by Himanshi Tiwari

    चश्मदीद ने बताई घटना की डिटेल

    ऑटो रिक्शा चालक और चश्मदीद राकेश कुमार ने ANI से बातचीत में बताया कि उन्होंने घटना के समय क्या देखा। राकेश ने बताया, 'मैं मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाता हूं... मैं शाम करीब 7:00 बजे अपनी गाड़ी निकालने के लिए वहां पहुंचा... वहां तीन लोग थे: एक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो लोग बाहर खड़े थे। एक गेट के पास और दूसरा उससे थोड़ा आगे, जब फायरिंग शुरू हुई तो एक व्यक्ति ने सामने से गोली चलाई, जिसका निशाना वह सीट थी जहाँ टाइगर श्रॉफ बैठे थे... गेट के पास खड़े दूसरे व्यक्ति ने भी गोली चलाई, जो ड्राइवर के हाथ में लगी। यह सब शाम करीब 7:00 बजे हुआ।'

  • 2:19 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    कोई हथियार नहीं हुए बरामद

    टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों के पास से अब तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। कोटा के एसएसपी ने यह जानकारी दी है। एसएसपी के मुताबिक आरोपियों से विस्तार से पूछताछ की जाएगी, ताकि पता लगाया जा सके कि वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों को उन्होंने कहां छिपाया या ठिकाने लगाया है।

    वहीं आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम कोटा पहुंच गई है। एसएसपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई मुंबई पुलिस की ओर से की जाएगी।

  • 2:15 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    नेपाल भागने की थी तैयारी

    टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में तीनों आरोपियों ने वारदात के बाद जयपुर पहुंचने, वहां से बस के जरिए दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की योजना बनाई थी। कोटा के एसएसपी ने यह जानकारी दी है। एसएसपी के मुताबिक तीनों आरोपी घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद वहां से निकल गए थे। उनकी योजना ट्रेन के आखिरी पड़ाव जयपुर में उतरने, बस से दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल फरार होने की थी।

    कोटा सिटी पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। वहीं, आरोपियों को अपनी हिरासत में लेने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम भी कोटा पहुंच गई है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

  • 1:03 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को बताया गंभीर मामला

    अभिनेता और सांसद रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए। उन्हें महाराष्ट्र पुलिस पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि जांच के बाद दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ को निर्दोष बताते हुए उनके सुरक्षित रहने की प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा, 'मैं महादेव और माता रानी से प्रार्थना करता हूं कि वे टाइगर की रक्षा करें। महाराष्ट्र पुलिस और राज्य सरकार इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। बहुत जल्द इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को पकड़ लिया जाएगा और उन्हें सबसे सख्त सजा दी जाएगी।'

  • 1:00 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    सिग्नल और टेलीग्राम का हो रहा था प्रयोग

    तीनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी एक हैंडलर के संपर्क में थे और सिग्नल व टेलीग्राम ऐप के जरिए लगातार मैसेज और लोकेशन की जानकारी साझा की जा रही थी। बताया जा रहा है कि रेहान के कहने पर सोनीपत निवासी एक नाबालिग इस साजिश में शामिल हुआ। वहीं, मुंबई में पहले से मौजूद ऋतिक ने नाबालिग शूटर और रेहान को लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया।

  • 12:58 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    रवि दुबे ने भी दी प्रतिक्रिया

    अभिनेता रवि दुबे ने मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना को दुखद बताया है। उन्होंने इस मामले में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। रवि दुबे ने कहा, 'यह बेहद दुखद घटना है। ऐसा करने वाले लोगों को जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए। इससे हम सभी को राहत मिलेगी। आम लोगों की सुरक्षा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।”'अभिनेता ने जोर देकर कहा कि पुलिस की जांच के बीच जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

  • 12:32 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    मौके पर मौजूद थे अभिषेक बजाजा और करण वीर

    इससे पहले टीवी एक्टर अभिषेक बजाज और करणवीर मेहरा ने भी अपने रिएक्शन साझा किए थे। करणवीर ने बताया था कि उन्होंने खून के धब्बे देखे, उनकी गाड़ी टाइगर श्रॉफ के ठीक पीछे ही थी। वहीं अभिषेक बजाज ने भी अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि माता रानी की कृपा से एक्टर ठीक हैं। दोनों ही एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ फुटबॉल खेल रहे थे।

    इसके बारे में विस्तार से पढ़ें - 'खून के धब्बे थे', जब टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग, वहीं मौजूद थे अभिषेक बजाज और करणवीर मेहरा, एक्टर्स ने बयां किया आंखों देखा खौफनाक मंजर

  • 12:29 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    अमाल मलिक ने जाहिर की चिंता

    अमाल मलिक ने एक एक्स पोस्ट के माध्यम से अपनी चिंता व्यक्त की, उन्होंने लिखा, 'टाइगर ने अपने डेब्यू के बाद से हर पीढ़ी का मनोरंजन किया है और मुझे समझ नहीं आ रहा है कि जिसने कभी जानबूझकर किसी के साथ गलत नहीं किया है और वह सबसे दयालु लोगों में से एक है, जिसे मैं जानता हूं, उसे इस स्थिति से क्यों गुजरना पड़ रहा है। टाइगर श्रॉफ, कृपया अपना ख्याल रखें, मेरे भाई। आप जानते हैं कि मैं हमेशा आपके साथ हूं। अभी, कृपया अपने परिवार के साथ खड़े रहें, किसी और के साथ नहीं। मुंबई में क्या हो रहा है? मुंबई पुलिस, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस, कृपया उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।'

  • 12:28 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    मीका सिंह ने भी साझा किया वीडियो

    सिंगर मीका सिंह ने भी अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि कभी मुंबई बहुत सेफ था और बाहर जाकर लोगों को यही बताते थे कि मुंबई में दिन रात लोग काम करते हैं और कोई खतरा नहीं है, लेकिन अब उनका कहना है कि टाइगर श्रॉफ के साथ हुई घटना ने साबित कर दिया है कि ये सिर्फ मिसाल रह गई है, अब चीजें बदल गई हैं। उन्होंने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार से गुहार लगाई है।

  • 12:25 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    शत्रुघ्न सिन्हा का रिएक्शन

    शत्रुघ्न सिन्हा ने भी चिंता जाहिर करते हुए कहा, 'यह क्या हो रहा है???? कल टाइगर श्रॉफ पर चौंकाने वाले और चिंताजनक हमले हुए, उन्हें धमकियां दी गईं, निशाना बनाया गया और उन पर गोलियां चलाई गईं। टाइगर, जो एक बेहद काबिल पिता जैकी श्रॉफ के काबिल बेटे हैं, वे तो किस्मत से बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनका बेचारा ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया। महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस गंभीर मामले को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। जय हिंद!'

  • 12:15 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    45 मिनट तर आरोपियों ने किया टाइगर का इंतजार

    वारदात से पहले आरोपियों ने रेकी की थी। पुष्पा पार्क के बाहर तीनों एक्टर का इंतजार कर रहे थे। लगभग 45 मिनट तक आरोपी इंतजार करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरी पश्चिम स्टेशन पहुंचे। बताया जा रहा है कि शूटर्स ने 7 राउंड फायरिंग की थी। 

  • 12:12 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    कोटा कोर्ट में होगी पेशी

    आरोपियों को कोटा मे कोर्ट में पेश किया जाएगा,मुंबई क्राइम ब्रांच ट्रांजिट रिमांड में लेगी। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम कोटा पहुंची है। आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड में लेने के लिए।

  • 12:08 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    देर रात टाइगर का हाल जानने के लिए पहुंची थीं दिशा पाटनी

    बता दें, टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की खबर मिलते ही दिशा पाटनी उन्हें मिलने के लिए पहुंचीं। एक्ट्रेस काफी परेशान नजर आईं। उनके चेहरे पर उदासी देखने को मिली।

    ये भी पढ़ें: आंखों में आंसू, चेहरे पर उदासी, फायरिंग के बाद आधी रात टाइगर श्रॉफ का हाल जानने पहुंचीं दिशा पाटनी

  • 11:53 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    टाइगर श्रॉफ ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को क्या जानकारी दी?

    टाइगर श्रॉफ ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को बताया कि उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी और न ही उनकी किसी के साथ पुरानी दुश्मनी है। उन्हें खुद भी नहीं पता कि उन पर हमला क्यों किया गया। टाइगर ने बताया कि वह आमतौर पर वीकेंड पर फुटबॉल खेलने के बाद अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। लेकिन कल थकान होने के कारण उन्होंने तस्वीरें खिंचवाने का कार्यक्रम टाल दिया था। यह फैसला उनके लिए सौभाग्यशाली साबित हुआ और संभवतः इसी वजह से उनकी जान बच गई। उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई या सलमान खान से किसी भी तरह का संबंध होने से भी इनकार किया।

    मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और जैकी श्रॉफ से फोन पर बात की। अधिकारियों की ओर से अब टाइगर श्रॉफ के लिए निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने और उनके घर पर अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

    यहां पढ़ें पूरी खबर- 'मेरी किसी से दुश्मनी नहीं', एकनाथ शिंदे को टाइगर श्रॉफ ने बताया पूरा घटनाक्रम, बोले- थकान थी इसलिए नहीं रुका

  • 11:52 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के तीन आरोपियों से जुड़ी जानकारी

    टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपियों के तौर पर तीन लोगों की पहचान से जुड़ी जानकारी सामने आई है। उपलब्ध विवरण के मुताबिक, इनमें हरियाणा के सोनीपत और बिहार के बेगूसराय से जुड़े लोग शामिल हैं। हालांकि, इनकी भूमिका और मामले से संबंधित अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के आधार पर ही की जानी चाहिए।

    बताई गई जानकारी के अनुसार पहला शख्स हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है, उसकी उम्र 17 वर्ष बताई गई है। दूसरा नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का है। वह बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई गांव का निवासी बताया गया है और फिलहाल मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वह रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है। उसकी उम्र 22 वर्ष बताई गई है।

    तीसरा नाम रेहान का है, जिसकी उम्र 18 वर्ष बताई गई है। वह हरियाणा के सोनीपत जिले की ईदगाह कॉलोनी का निवासी बताया गया है। फिलहाल इन तीनों के संबंध में सामने आई जानकारी की पुष्टि और फायरिंग की घटना में उनकी कथित भूमिका के बारे में पुलिस की आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए।

  • 11:50 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    पहले पकड़ी गई थी बाइक

    बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में मुंबई पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पीले रंग की पल्सर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया है। बाइक को रात में डीएन नगर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां पुलिस उसकी जांच कर रही है। मामले में बाइक के मालिक से भी पूछताछ की गई है। पुलिस अब बाइक के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

    तीन लोगों के हाथों से गुजरी बाइक

    शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक का पहला मालिक मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है। उसने यह बाइक किसी दूसरे व्यक्ति को बेची थी, जिसके बाद बाइक तीसरे व्यक्ति के पास पहुंच गई। बताया जा रहा है कि तीसरे मालिक ने पितृ पक्ष शुरू होने से पहले ही बाइक शूटर्स को बेच दी थी। हालांकि बिक्री के बावजूद बाइक के दस्तावेजों में मालिकाना हक का हस्तांतरण नहीं कराया गया था।

    पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

    पुलिस ने बाइक मालिक से शुरुआती पूछताछ की है, जिसके बाद उसे जाने दिया गया। अब जांच अधिकारी बाइक की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाइक शूटर्स तक कैसे पहुंची। पुलिस इस मामले में अन्य सुरागों की भी पड़ताल कर रही है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है।

  • 11:40 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    शाम 7 बजे हुई फायरिंग, मौके पर मौजूद था ऑटो चालक

    मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के दौरान कई स्थानीय लोग मौके पर मौजूद थे। इस वारदात के चश्मदीद और ऑटो रिक्शा चालक राकेश कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में घटना का आंखों देखा हाल बताया। उनके मुताबिक फायरिंग के दौरान हमलावर अलग-अलग जगहों पर मौजूद थे और उन्होंने निशाना साधकर गोलियां चलाईं। राकेश कुमार ने बताया कि वह मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाते हैं और शाम करीब सात बजे अपना वाहन निकालने के लिए वहां पहुंचे थे। उसी दौरान उन्होंने तीन लोगों को संदिग्ध स्थिति में देखा। उनके मुताबिक, एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो अन्य सड़क पर खड़े थे। इनमें से एक गेट के पास मौजूद था और दूसरा उससे कुछ दूरी पर आगे की तरफ खड़ा था।

    टाइगर की सीट को बनाया निशाना, ड्राइवर के हाथ में लगी गोली

    चश्मदीद के अनुसार जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, एक हमलावर ने सामने की ओर से गोली चलाई। राकेश का दावा है कि हमलावर का निशाना उस सीट की तरफ था, जिस पर टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे। वहीं, गेट के पास खड़े दूसरे व्यक्ति ने भी गोली चलाई, जो अभिनेता के ड्राइवर के हाथ में लगी। राकेश ने बताया कि पूरी घटना शाम करीब सात बजे हुई। इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

  • 11:38 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    सीएम देवेंद्र फडणवीस का बयान

    सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले को संबोधित किया। उन्होंने हाल ही में कहा, 'यह एक बहुत ही गंभीर और निंदनीय मामला है। मुंबई पुलिस ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। उन्हें कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर वे अभी काम कर रहे हैं और कुछ लोगों की पहचान भी कर ली गई है। इन लोगों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा हम उनके उन मास्टरमाइंड्स का भी पता लगाएंगे जो छिपे हुए हैं और दूर से ही आदेश देते हैं। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि इनमें से कोई भी व्यक्ति महाराष्ट्र के भीतर से काम नहीं कर रहा है; जो लोग राज्य के भीतर से काम कर रहे थे, उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये अपराधी महाराष्ट्र के बाहर या देश के बाहर से काम कर रहे हैं। जिन राज्यों से ये लोग काम कर रहे हैं, वहां की पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर और जो लोग विदेश से काम कर रहे हैं उनके मामले में केंद्र सरकार की मदद से हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मैं फिर दोहराता हूं: ये लोग कायर हैं। ये छिपकर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इनके मंसूबों को नाकाम कर दिया जाएगा।'

  • 11:37 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    तीन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

    बताया जा रहा है कि राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। तीनों दिल्ली की ट्रेन में बैठकर फरार होने वाले थे, तभी उन्हें पुलिस ने दबोचा है। तीनों आरोपियों को मुंबई लाया जा रहा है। क्राम ब्रांच जांच में लगी हुई है और तेजी से कार्रवाई कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।