A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान बह गए 6 लोग? क्या है वायरल हो रहे इस VIDEO का सच

Fact Check: ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान बह गए 6 लोग? क्या है वायरल हो रहे इस VIDEO का सच

नदी में राफ्टिंग कर रहे कुछ लोगों के डूबने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह घटना ऋषिकेश की है।

fact check- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV फैक्ट चेक

सोशल मीडिया और AI के दौर में हर दिन कई फेक न्यूज और फेक वीडियो वायरल होते रहते हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं फैक्ट चेक। फेक न्यूज का ताजा मामला नदी में राफ्टिंग कर रहे लोगों के डूबने के एक वीडियो से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर नदी में राफ्टिंग कर रहे कुछ लोगों के डूबने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसे शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह घटना ऋषिकेश की है, जहां राफ्टिंग के दौरान 6 लोग बह गए।

हालांकि, फैक्ट चेक की जांच में सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बोस्निया-हर्जेगोविना का है। जानकारी के अनुसार, मार्च 2025 में बोस्निया की एक प्रमुख नदी वरबस (Vrbas) में राफ्टिंग कर रहे पांच लोगों की नाव तेज बहाव के कारण पलट गई थी। हालांकि, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर किया, वीडियो पर टेक्स्ट में लिखा है, ''ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान 6 लोग बह गए।'' वहीं, एक अन्य यूजर ने यूट्यूब पर 4 जून 2025 को समान दावे के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया है। 

Image Source : india tvफैक्ट चेक

पड़ताल में क्या सामने आया?

दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च के माध्यम से जांचा। इस प्रक्रिया में हमें 30 मार्च 2025 को प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट मिली, जिसमें पुष्टि की गई है कि यह वीडियो बोस्निया-हर्जेगोविना में बहने वाली वरबस (Vrbas) नदी का है। रिपोर्ट के अनुसार, भारी बारिश के कारण नदी का जल स्तर बढ़ गया था, जिसकी वजह से यह राफ्टिंग दुर्घटना हुई थी।

Image Source : india tvफैक्ट चेक

वायरल दावे की सच्चाई जानने के बाद पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क ने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। इस दौरान हमें slobodna-bosna.ba नामक वेबसाइट पर एक खबर मिली, जो 30 मार्च 2025 को प्रकाशित हुई थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि बोस्निया और हर्जेगोविना के उत्तरी भाग में स्थित वरबस (Vrbas) नदी में राफ्टिंग के दौरान एक नाव पलट गई थी। हालांकि, खबर में स्पष्ट किया गया कि हादसे में शामिल सभी लोग सुरक्षित थे।

Fact Check में क्या निकला?

वायरल दावे को लेकर किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बोस्निया-हर्जेगोविना का है। जानकारी के अनुसार, मार्च 2025 में बोस्निया की एक प्रमुख नदी वरबस (Vrbas) में राफ्टिंग कर रहे पांच लोगों की नाव तेज बहाव के कारण पलट गई थी। हालांकि, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था। इसे फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ें-

Fact Check: क्या रिसेप्शन में खान सर की पत्नी ने दिखाया अपना चेहरा? यहां जानें वायरल Video का सच