अमरेली (गुजरात): आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लोगों से किसी एक पार्टी या नेता को नहीं बल्कि खुद को वोट देने और गुजरात में ''अपनी सरकार बनाने'' का आग्रह किया और गुजरात में आप की जीत होने पर महिलाओं को 1000 रुपये देने का ऐलान भी किया। अमरेली में 'विजय विश्वास सभा' रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, आम आदमी पार्टी की सरकार बनाओ, गुजरात में सभी महिलाओं के खाते में हजार-हजार रुपये आने शुरू हो जाएंगे।
बता दें कि गुजरात विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होने हैं। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 160 से अधिक विधायक हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के 4 विधायक हैं।
'सरकार बनाने का मौका मिला तो गुजरात को बदल देंगे'
सत्तारूढ़ भाजपा पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा, भाजपा ने पिछले तीन दशकों में अपने वफादार मतदाताओं को ''अपमानित'' और "बेइज्जत" किया है और वादा किया कि अगर आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह गुजरात को उसी तरह ''बदल देगी'' जैसे वह पंजाब में कर रही है।
गुजरात सरकार पर साधा निशाना
AAP के संयोजक ने कहा, ''आप पिछले 30 वर्षों से पार्टियों और नेताओं को वोट देते आ रहे हैं, फिर भी इन नेताओं ने आपके लिए कुछ भी नहीं किया है। वे सिर्फ अपने प्रति वफादार हैं, किसी के प्रति नहीं।'' दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा, ''इस बार खुद को वोट दें; अपनी सरकार बनाएं, जनता की सरकार। पंजाब की जनता पहले ही अपनी सरकार बना चुकी है।''
उन्होंने दावा किया कि इन 30 वर्षों में भाजपा ने लोगों को लूटा है और मोरबी और वडोदरा में पुलों के ढहने का हवाला देते हुए सत्तारूढ़ पार्टी पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, ''यह सारा पैसा कहां जाता है?'' उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने हाल में फसल के नुकसान के लिए 10,000 करोड़ रुपये के मुआवजे पैकेज की घोषणा की थी लेकिन किसानों को यह कभी नहीं मिला क्योंकि नेताओं ने पूरी राशि का गबन कर लिया''।
यह भी पढ़ें-
ऐसा क्या हुआ? JDU ने अपने ही सांसद को अयोग्य करार देने की उठाई मांग, लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा नोटिस, जानिए मामला
हर परिवार को 10000, मुफ्त फ्रीज, 3 सिलेंडर; AIADMK का मेनिफेस्टो पढ़कर रह जाएंगे हैरान