गुजरात में वडोदरा के नवायार्ड इलाके में कार में आग लगने के बाद भीषण धमाका हुआ। कार में मौजूद CNG सिलेंडर फटने से गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। धमाका इतना जोरदार था कि कार के लोहे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। यहां तक कि तीसरी मंजिल तक भी कार के टुकड़े पहुंचे। हादसे में एक महिला के हाथ में लोहे का टुकड़ा घुस गया, जबकि कुल चार लोग घायल हुए हैं। वडोदरा के नवायार्ड इलाके की रामवाड़ी में 4 नवंबर की देर रात पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कार के टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीपी-13 टीम रवाना हुई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही कार में मौजूद CNG सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के कारण कार के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। लोहे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में उषाबेन, दीपिकाबेन और वीनाबेन समेत चार लोग घायल हुए। एक महिला के हाथ में कार का पत्तर घुस गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के पैर में भी चोट आई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि कार की बॉडी का एक धातु का टुकड़ा एक महिला के हाथ में जा धंसा, जबकि एक अन्य व्यक्ति के पैर में मलबा लगने से चोट आई। पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। धमाके की चपेट में आकर एक दिव्यांग व्यक्ति का कियोस्क भी क्षतिग्रस्त हो गया। आग में कियोस्क के अंदर रखी तीन साइकिलें, कुर्सियां, स्नैक्स, चॉकलेट और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। कार के धातु के टुकड़े पूरे इलाके में बिखर गए। कुछ टुकड़े तो कई कतारें दूर स्थित घरों तक जा पहुंचे।
यहां देखें वीडियो
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रत्यक्षदर्शी उषाबेन के मुताबिक, वह आग देखने बाहर आई थीं। एक युवक कार हटाने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक धमाका हुआ और उड़कर आए पत्तर से लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस कार में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्टः सत्यम नेवासकर, वडोदरा
ये भी पढ़ेंः सूरत में इंसानियत शर्मसार! दोस्त को घर बुलाया, मीट काटने वाले छुरे से धड़ से अलग किया सिर... नग्न लाश कब्रिस्तान में फेंकी
वडोदरा में लड्डू नाम का तोता हुआ लापता तो महिला ने छोड़ा अन्न, ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा एक लाख का इनाम