A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सात साल के बच्चे को था पेट दर्द, सर्जरी हुई तो डॉक्टरों के भी उड़ गए होश; निकली हैरान कर देने वाली चीजें

सात साल के बच्चे को था पेट दर्द, सर्जरी हुई तो डॉक्टरों के भी उड़ गए होश; निकली हैरान कर देने वाली चीजें

अहमदाबाद में एक बच्चे के पेट की सर्जरी की गई। इस दौरान उसके पेट से बालों का गुच्छा और जूते का फीता निकाला गया। इसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए।

सर्जरी कर निकाल बालों का गुच्छा।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE सर्जरी कर निकाल बालों का गुच्छा।

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के सरकारी सिविल अस्पताल में डाक्टरों ने एक बच्चे का ऑपरेशन किया, जिसके बाद खुद डॉक्टर भी हैरान रह गए। डॉक्टरों ने सात साल के एक बच्चे के पेट से बालों का गुच्छा और जूते का फीता निकाला। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। फिलहाल सर्जरी के बाद बच्चे के पेट से बालों का गुच्छा और जूते का फीता निकाल दिया गया है। 

पेट दर्द और उल्टी से परेशान था बच्चा

सिविल अस्पताल के अधीक्षक राकेश जोशी ने बताया कि मध्य प्रदेश में रतलाम के रहने वाला शुभम पिछले दो महीने से पेट दर्द, उल्टी आने और वजन घटने की समस्या से पीड़ित था। उन्होंने बताया कि लड़के की पहले मध्य प्रदेश के एक निजी अस्पताल में सर्जरी हुई थी, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। डॉ. जोशी ने बताया कि अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती होने के बाद शुभम का ‘सीटी स्कैन’ और ‘एंडोस्कोपी’ कराई गई, जिसमें उसके पेट में बालों का एक गुच्छा और जूते का फीता दिखाई दिया। 

सर्जरी के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

अस्पताल के शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ. जोशी ने कहा, ‘‘सिविल अस्पताल के चिकित्सकों की एक टीम द्वारा की गई जटिल लैपरोटॉमी के जरिए गांठ (गुच्छे) को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। सर्जरी के सातवें दिन डाई टेस्ट से पुष्टि हुई कि पेट में कोई अवशेष नहीं बचा है।’’ अधिकारी ने बताया कि मनोचिकित्सक ने लड़के को परामर्श दिया ताकि वह भविष्य में ऐसी चीजें निगलने की आदत छोड़ दे। उन्होंने बताया कि शुभम की हालत में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 

डॉक्टर ने बताया दुर्लभ बीमारी

डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि बच्चे को ‘ट्राइकोबेजोअर’ नाम की बीमारी थी जो एक दुर्लभ बीमारी है। इस बीमारी में निगले गए बाल पेट में उलझकर एक गांठ (गुच्छा) बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लक्षणों में पेट में दर्द या सूजन, मतली या उल्टी, भूख की कमी, वजन में कमी और कब्ज शामिल हैं। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

आज से GST कटौती की दरें लागू, बीजेपी नेता बोले- "पीएम मोदी ने खत्म किया सिरदर्द", किसने क्या कहा?

पटना: कुत्ते के भौंकने पर मालिक को मारी गोली, रिश्ते में चचेरा भाई लगता था, परिजनों ने हत्यारे को भी जमकर पीटा