1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के भावनगर में बारिश का कहर, पानी के तेज बहाव में बह गए बुजुर्ग, वीडियो आया सामने

गुजरात के भावनगर में बारिश का कहर, पानी के तेज बहाव में बह गए बुजुर्ग, वीडियो आया सामने

गुजरात के कई जिलों में इन दिनों भीषण बारिश का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। इस बीच भावनगर जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग को पानी के तेज बहाव में बहता हुआ देखा जा सकता है।

Heavy rain in Bhavnagar elderly people swept away in the strong flow of water video surfaced- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गुजरात के भावनगर में बारिश का कहर

देश के कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। इस बीच गुजरात के कई जिले भी भारी बारिश की चपेट में है। ऐसे में भावनगर के महुवा तहसील के रानीवाड़ा गाव में तेज पानी के बहाव में एक बुजुर्ग शख्स के बहने की खबर सामने आई है। इस पूरी घटना का वीडियो भी हमारे पास मौजूद है। हमारे पास मौजूद वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पानी के तेज बहाव को पार करने की कोशिश एक बुजुर्ग द्वारा किया जा रहा है। इस बीच बुजुर्ग अचानक संतुलन खो देते हैं और पानी के साथ बह जाते हैं। बुजुर्ग जिंदा बचे या नहीं, इसकी अबतक कोई जानकारी हमारे पास मौजूद नहीं है। हालांकि वीडियो डरा देने वाला है।

भावनगर में बारिश का कहर

बता दें कि इसी तरह की एक और घटना आज सुबह देखने को मिली थी। दरअसल भावनगर जिले में एक स्कूल के बच्चों के बाढ़ में फंसे होने की खबर सामने आई थी। यह मामला भी महुवा तालुका का ही है। इस दौरान तलगाजरडा गांव के कई स्कूली बच्चे भारी बारिश के कारण पानी में फंस गए। इस खबर की जानकारी जैसे ही पूर्व कैबिनेट मंत्री और भावनगर पश्चिम के विधायक जीतूभाई वाघाणी को मिली, जो उस समय राजकोट में पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजयभाई रूपाणी की प्रार्थना सभा में मौजूद थे। उन्होंने तुरंत भावनगर कलेक्टर को रेस्क्यू टीम भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद तुरंत ही रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर तमाम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

भारी बारिश के कारण ढह गए 3 मकान

वहीं, दूसरी ओर छोटा उदयपुर जिले के संखेडा गांव में भारी बारिश के चलते तीन मकान धराशायी हो गए। संखेडा के झवेरी वागा इलाके में एक-एक कर तीन पुराने मकान गिरे, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मकान के मलबे की चपेट में आने से बाहर खड़ी कार को भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव कार्य की टीम जुटी हुई है। गुजरात के बोटाद जिले में कल शाम 5 बजे से आज सुबह 6 बजे तक जमकर बारिश हुई। जिले में सबसे अधिक बारिश गढडा में 14 इंच दर्ज की गई है। बोटाद में साढ़े सात इंच, रानपुर में ढाई इंच और बरवाला में ढाई इंच बारिश हुई है।