A
Hindi News गुजरात मां ने 8 माह की बेटी को हौदी में डुबाकर मार डाला, खुद भी कर लिया सुसाइड

मां ने 8 माह की बेटी को हौदी में डुबाकर मार डाला, खुद भी कर लिया सुसाइड

गुजरात के छोटा उदयपुर में एक महिला ने अपनी बेटी की हौदी में डुबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

बेटी की हत्या के बाद की आत्महत्या।- India TV Hindi Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE बेटी की हत्या के बाद की आत्महत्या।

छोटा उदयपुर: गुजरात के छोटा उदयपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के संखेड़ा तालुका में एक महिला ने अपनी आठ महीने की बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद महिला ने खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को घटना के बारे में जानकारी दी। 

बेटी की हत्या के बाद की आत्महत्या

पुलिस अधिकारी ने बताया, "पीपलसत गांव की निवासी संगीता भील ने बुधवार को अपनी आठ महीने की बेटी को घर के पास खुली हौदी में कथित तौर पर डुबो दिया। उस समय उसका पति गिरीश दूध लेने गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने पाया कि उसकी बेटी डूब गई है, जबकि संगीता लापता है।" अधिकारी ने बताया, "उन्हें संगीता का शव घर से करीब 150 मीटर दूर एक पेड़ से लटका मिला।" 

भागकर की थी शादी

अधिकारी के मुताबिक, "गिरीश के पिता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में दावा किया कि संगीता पारिवारिक विवाद के कारण तनाव में थी और उसे डर था कि उसके माता-पिता उसे गिरीश से दूर ले जाएंगे। दोनों ने भागकर शादी की थी।" अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

राजकोट में महिला की हत्या

बता दें कि गुजरात के राजकोट शहर में एक अन्य मामले में 33 वर्षीय एक महिला पर उसके घर के पास अज्ञात व्यक्तियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता स्नेहा असोदिया शनिवार शाम भगवतीपारा इलाके में अपने घर से बाहर निकलकर पास के एक भोजनालय में गई थी और वापस नहीं लौटी। 

सहायक पुलिस आयुक्त बी वी जाधव ने बताया, "रविवार सुबह उसका शव बी डिवीजन थानाक्षेत्र में उसके आवास के पास एक सुनसान गली में मिला।" उन्होंने बताया कि उस पर धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया था और उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने पति हितेश असोदिया को बताया था कि वह पानी पूरी खाने के लिए बाहर जा रही है, लेकिन वापस नहीं लौटी। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

रायसेन में दुष्कर्म का आरोपी भोपाल से गिरफ्तार, गाड़ी पंचर होने के बाद भागने की फिराक में था, गोली लगने से घायल

जमात-ए-इस्लामी पर पुलिस की कार्रवाई, कश्मीर के कई इलाकों में छापेमारी