A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. कुत्ते को बचाने के लिए नहर में लगा दी छलांग, नर्मदा की तेज धारा में बह गया मालिक; VIDEO देख भर आएंगी आंखें

कुत्ते को बचाने के लिए नहर में लगा दी छलांग, नर्मदा की तेज धारा में बह गया मालिक; VIDEO देख भर आएंगी आंखें

गुजरात के वडोदरा में एक शख्स को अपने पालतू कुत्ते से प्यार काफी महंगा पड़ गया। अपने पालतू कुत्ते को बचाने के चक्कर में मालिक की नहर में डूबने से मौत हो गई। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

vadodara dog lover- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV रघुनाथ पिल्लई की मौत के बाद पत्नी और बेटी बेसुध हो गईं।

गुजरात के वडोदरा में एक शख्स का अपने पालतू डॉग के प्रति ऐसा प्यार था कि वो उनके लिए ही जानलेवा बन गया। वडोदरा लक्ष्मीपुरा इलाके में बुधवार को दिल दहलाने वाली घटना घटी। अपने डॉग को पानी में डूबने से बचाने के लिए मालिक ने नहर में छलांग लगाई और उनकी मौत हो गई। हालांकि जो डॉग पानी में गिरा था उसका भी कोई पता नहीं चल पाया।

2 पालतू कुत्तों को लेकर टहलने निकले थे रघुनाथ

वडोदरा के लक्ष्मीपुरा इलाके में रहने वाले और रिटायर्ड लाइफ गुजारने वाले 51 वर्षीय रघुनाथ पिल्लई सुबह अपने दो पालतू कुत्तों को लेकर टहलने निकले थे। पिल्लई के साथ उनके दो कुत्तें- एक जर्मन शेफर्ड और एक हस्की थे। घूमते-घूमते वे उनको नर्मदा नहर के किनारे ले गए। तभी खेलने के दौरान उनका एक कुत्ता जर्मन शेफर्ड अचानक पानी में गिर गया। उसको बचाने के लिए रघुनाथ पिल्लई भी नहर में कूद पड़े। पिल्लई को पता नहीं था कि नहर में पानी काफी गहरा होगा और वह डूब गए थे।

कुत्ते के लिए दे दी जान

आसपास टहलने वाले लोगों ने फायर डिपार्टमेंट को जानकारी दी थी जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने मृतक के शरीर को बाहर निकाला। पत्नी और बेटी रघुनाथ की मौत के बाद बेसुध हो गईं। घटना के बाद पड़ोसियों का कहना है कि कुत्ते को बहुत प्यार करने वाले रघुनाथ पिल्लई ने उसके लिए जान दे दी।

जर्मन शेफर्ड की तलाश जारी

लक्ष्मीपुरा थाने के इंस्पेक्टर एम डी चौधरी ने कहा, ''जर्मन शेफर्ड नहर में फिसल गया था। पिल्लई अपने कुत्ते को बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद गए। नहर में बहाव बहुत तेज था, इसलिए वह ठीक से तैर नहीं सके और डूब गए।'' इंस्पेक्टर ने कहा कि जर्मन शेफर्ड का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश जारी है। ऐसा माना जा रहा है कुत्ता खुद को बचाने में कामयाब रहा हो। हालांकि उसे इलाके में नहीं देखा गया है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज करके जांच शुरू की है। (रिपोर्ट- सत्यम)

यह भी पढ़ें-

कुत्ते को मिलेगा स्वर्ग! तेरहवीं पर 1000 लोगों ने किया भोजन, मालिक ने मुंडन करवाकर निभाई पंरपरा

4 लाख रुपए खर्च कर मनाई कुत्ते के बच्चों की छठी, सोहर गीत के साथ बजा DJ, घोड़ा भी नचाया गया