हरियाणा के गुरुग्राम में उस समय भारी राजनीतिक ड्रामा खड़ा हो गया जब नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद और सोहना सिटी थाना प्रभारी के बीच सड़क पर ही जोरदार कहासुनी हो गई। यह घटना 1 नवंबर को गुरुग्राम के सोहना में हुई। दरअसल, कांग्रेस विधायक आफताब अहमद अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बड़े काफिले के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया गठबंधन' की रैली में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला सोहना पहुंचा, पुलिस टीम ने रूटीन चेकिंग का हवाला देते हुए गाड़ियों को रोक लिया। काफिला रोके जाने से भड़के विधायक तुरंत अपनी गाड़ी से नीचे उतर आए और पुलिस अधिकारियों से सीधे भिड़ गए।
पुलिसवाले ने ऐसा जवाब दिया कि वीडियो वायरल
सड़क पर खड़े-खड़े दोनों पक्षों के बीच माहौल तब और गरमा गया जब बहस के दौरान विधायक ने आपा खो दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आफताब अहमद सोहना सिटी SHO सुरेंद्र की पीठ थपथपाते हुए तल्ख लहजे में कहते हैं— "ज्यादा न बन!"। इस पर खाकी वर्दी में तैनात SHO ने भी पीछे हटने से इनकार कर दिया और तुरंत जवाब देते हुए कहा- "आप ज्यादा बन रहे हो, वाहियात बात कर रहे हो!" एसएचओ ने विधायक को भाषा सही रखने की हिदायत दी। दोनों के बीच इस अप्रत्याशित नोकझोंक का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो-
विधायक ने क्या आरोप लगाए?
विधायक आफताब अहमद ने पुलिस की इस कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए गंभीर आरोप लगाए कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था के नाम पर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकिंग के बहाने जानबूझकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया ताकि वे दिल्ली की रैली में न पहुंच सकें।
बता दें कि इंडिया गठबंधन द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में यह विशाल मार्च आयोजित किया गया था। दूसरी ओर, पुलिस ने इसे नियमित सुरक्षा जांच बताया है और मामले को लेकर अधिकारियों की तरफ से कोई औपचारिक विस्तृत बयान नहीं दिया गया है
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
यह भी पढ़ें-
''मेरिट से नौकरी देना मनोहर लाल की सबसे बड़ी गलती थी'', बोले- बीजेपी विधायक दादा गौतम; सीएम सैनी को भी किया आगाह