गुरुग्राम: ऐप पर दिखाए गए किराये से ज्यादा पैसे देने से मना करने पर एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक उबर कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। महिला के सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखने वाली एक टीम की नजर X पर महिला के पोस्ट पर पड़ी। महिला ने आरोप लगाया था कि ड्राइवर ने ऐप पर दिखाए गए किराये से ज्यादा पैसे मांगे और अतिरिक्त पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ बदसलूकी की व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने X के जरिए महिला से संपर्क करने का प्रयास किया और मामले का स्वतः संज्ञान लिया। महिला के पोस्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान की गई और उसके बारे में जानकारी जुटाई गई।
दूसरे नाम से बनाया था उबर पर अकाउंट
पुलिस के अनुसार, पालम विहार थाना पुलिस और अपराध शाखा, सेक्टर-39 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नूंह जिले के घासेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय यासिर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसने उबर पर अपना अकाउंट जमील जाहिद खान के नाम से बनाया था।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने X पर सुनाई आपबीती
महिला ने इससे पहले X पर अपनी आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया था कि ऐप पर दिखाए गए किराये से ज्यादा रकम देने से इनकार करने पर चालक ने उसे कैब के अंदर बंद कर दिया। महिला के पोस्ट के अनुसार, घटना तड़के करीब 4:45 बजे हुई, जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उबर कैब से गुरुग्राम स्थित अपने घर जा रही थी। यात्रा शुरू होने से पहले ऐप पर करीब 625 रुपये किराया दिखाया गया था। लेकिन यात्रा समाप्त होने के बाद ड्राइवर ने उसे रैपिडो ऐप पर 1,479 रुपये किराये का एक स्क्रीनशॉट दिखाया और उतनी ही रकम देने को कहा।
ड्राइवर ने हाथ पकड़ा, मारने की धमकी दी
जब उसने बताया कि स्क्रीनशॉट किसी दूसरे ऐप का है और वह उबर का किराया पहले ही चुका चुकी है, तो ड्राइवर ने उसे अपना सामान निकालने से रोक दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ड्राइवर ने उसका हाथ पकड़ा और सामान निकालने से रोकने के लिए आगे की सीट की खिड़की बंद कर दी। इसके बाद वह उसके घर तक गया और उसे धमकी भी दी।
उबर ने ड्राइवर कर अकाउंट किया ब्लॉक
इस मामले में उबर ने एक बयान में कहा कि कथित व्यवहार बेहद चिंताजनक है और कंपनी के सामुदायिक दिशानिर्देशों का उल्लंघन करता है। कंपनी ने बताया कि चालक की ऐप तक पहुंच बंद कर दी गई है और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में वह सहयोग करने के लिए तैयार है। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले हाल ही में महाराष्ट्र के नवी मुंबई में महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। महिला कैब में बैठकर अपने घर जा रही थी। तभी कैब ड्राइवर ने कार रोकी और पीछे की सीट पर जाकर बैठ गया। उसने महिला यात्री के कपड़े उतारने की कोशिश की।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
गुरुग्राम में थार सवार मनबढ़ों का आतंक, कैब में कई बार मारी टक्कर; VIDEO आया सामने