1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. एल्विश यादव के घर पर फायरिंग मामले में एक की गिरफ्तारी, फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने एनकाउंटर के बाद पकड़ा

एल्विश यादव के घर पर फायरिंग मामले में एक की गिरफ्तारी, फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने एनकाउंटर के बाद पकड़ा

एल्विश यादव का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है। 2023 में उन पर सांप के जहर की अवैध सप्लाई और रेव पार्टियों में इसके इस्तेमाल का आरोप लगा था, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, एक अन्य यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न पर हमले के मामले में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

एल्विश यादव के घर पर...- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ELVISH_YADAV, REPORTER INPUT एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वालों में से एक आरोपी हुआ गिरफ्तार

मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर 17 अगस्त 2025 को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंशात उर्फ इशू गांधी के रूप में हुई है। पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर के दौरान इशू गांधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।

एनकाउंटर और गिरफ्तारी

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि फायरिंग में शामिल एक संदिग्ध इंशात उर्फ इशू गांधी फरीदाबाद क्षेत्र में छिपा हुआ है। क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान एक एनकाउंटर हुआ, जिसमें इशू गांधी ने पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो इशू के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। 

क्या हुआ था उस दिन

17 अगस्त की सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच, गुरुग्राम के सेक्टर 57 में स्थित एल्विश यादव के घर पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने बाइक पर सवार होकर 20-25 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस हमले में घर की ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर की दीवारों, बालकनी, और खिड़कियों को निशाना बनाया गया। घटना के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, और उनके परिवार के सदस्य व केयरटेकर सुरक्षित रहे। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें दो नकाबपोश बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखे।

Image Source : Instagram/@elvish_yadav, Reporter Inputएल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वालों में से एक आरोपी हुआ गिरफ्तार

हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी जिम्मेदारी

फायरिंग की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने ली थी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में हिमांशु भाऊ गैंग ने दावा किया कि यह हमला एल्विश यादव द्वारा कथित तौर पर जुए को बढ़ावा देने के खिलाफ था। गैंग ने अन्य लोगों को भी धमकी दी थी। 

जांच पड़ताल कर रही STF

गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से 24 खाली खोखे बरामद किए थे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की लोकेशन का पता लगाने के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। एल्विश यादव के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उनके घर के बाहर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 

Image Source : Reporter Inputपुलिस ने किया एनकाउंटर, आरोपी के पैर में लगी गोली

फायरिंग के बाद एल्विश यादव ने क्या कहा

फायरिंग के बाद एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर अपने फैन्स को आश्वस्त किया कि वह और उनका परिवार सुरक्षित हैं। उन्होंने लिखा, "आप सभी की शुभकामनाओं और चिंता के लिए मैं दिल से शुक्रगुजार हूं। मैं और मेरा परिवार बिल्कुल सुरक्षित और स्वस्थ हैं।"

ये भी पढ़ें:

9 दिन बाद हुआ मनीषा का अंतिम संस्कार, CBI जांच और AIIMS में पोस्टमार्टम की मांग पूरी होने पर माने परिजन

भिवानी मनीषा मौत केस में नया मोड़, तीसरी बार होगा पोस्टमार्टम, CBI करेगी जांच