1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर से अभिनेता इरफान खान की हुई थी मौत, जानें क्या है इस बीमारी के लक्षण?

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर से अभिनेता इरफान खान की हुई थी मौत, जानें क्या है इस बीमारी के लक्षण?

न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर एक दुर्लभ प्रकार का कैंसर है जो शरीर में मौजूद न्यूरोएंडोक्राइन कोशिकाओं से उत्पन्न होता है। चलिए डॉक्टर से जानते हैं इसके लक्षण क्या है?

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/INSTAGRAM न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान की मृत्यु 29 अप्रैल 2020 को हुई थी। साल 2018 में उन्हें पता चला की उन्हें न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर है। यह एक प्रकार का दुर्लभ कैंसर है। इस कैंसर का इलाज किया गया लेकिन इलाज के बड़ा उनके शरीर में संक्रमण की कई जटिलताएँ हुईं और 2020 में उनका निधन हो गया। 

पीएसआरआई अस्पताल में वरिष्ठ सलाहकार, एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय कहते हैं कि न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर एक दुर्लभ लेकिन गंभीर प्रकार का कैंसर है, जो शरीर की न्यूरोएंडोक्राइन कोशिकाओं से शुरू होता है। ये कोशिकाएँ शरीर के कई हिस्सों में पाई जाती हैं और हार्मोन बनाने व उन्हें नियंत्रित करने का काम करती हैं। जब इन कोशिकाओं में असामान्य वृद्धि होती है, तो यह कैंसर का रूप ले सकती है।

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर के लक्षण

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर के लक्षणों में पेट दर्द या सूजन, अचानक वजन घटना, भूख न लगना, उल्टी, दस्त या कब्ज, त्वचा का लाल होना, अत्यधिक थकान, और बार-बार पसीना आना शामिल हो सकते हैं। कुछ मामलों में हार्मोन असंतुलन के कारण ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव या ब्लड शुगर में गड़बड़ी भी देखी जा सकती है।

शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकता है यह कैंसर

यह कैंसर शरीर के कई हिस्सों में हो सकता है, जैसे पैंक्रियास, फेफड़े, पेट, आंत, या लिम्फ नोड्स। इसकी पहचान अक्सर देर से होती है क्योंकि इसके लक्षण धीरे-धीरे उभरते हैं और आम बीमारियों से मिलते-जुलते रहते हैं।

क्या है बचाव के उपाय?

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर का इलाज़ वह कौन सी स्टेज पर पहुंचा है इस पर निर्भर करता है। इसमें सर्जरी, कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थैरेपी या रेडियोन्यूक्लाइड थैरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। अगर, इस बीमारी का पता शुरुआती चरण में लग जाए तो इलाज के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

इरफान खान के मामले ने लोगों को यह समझाया कि दुर्लभ कैंसरों की पहचान समय पर करना कितना ज़रूरी है। किसी भी असामान्य लक्षण को नज़रअंदाज़ न करें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाते रहें।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Latest Health News